नई दिल्ली। भोजपुरी इंडस्ट्री के शेर, बॉलीवुड के चमकते सितारे और संसद की दमदार आवाज़… हम बात कर रहे हैं अभिनेता, नेता और गोरखपुर से सांसद रविंद्र ‘रवि’ किशन शुक्ला की। आज रवि किशन अपना 56वां जन्मदिन मना रहे हैं। अभिनय से लेकर राजनीति तक का उनका सफर लाखों युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक कहानी है।
फिल्मों से बनाई पहचान
रवि किशन ने अपने करियर की शुरुआत 1992 में फिल्म पिताम्बर से की। हालांकि उन्हें असली लोकप्रियता भोजपुरी सिनेमा से मिली। ‘ससुरा बड़ा पैसावाला’, ‘गंगा’, ‘धरती के लाल’ जैसी सुपरहिट फिल्मों ने उन्हें भोजपुरी का सबसे बड़ा चेहरा बना दिया।
उन्होंने हिंदी, तेलुगु, कन्नड़ और तमिल फिल्मों में भी अपनी एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीता। बॉलीवुड में तेरे नाम, लखनऊ सेंट्रल और मोहनजोदड़ो जैसी फिल्मों में उनका किरदार भी सराहा गया।
रियलिटी शोज़ से घर-घर पहुंचे
2006 में जब रवि किशन ने Bigg Boss Season 1 में भाग लिया, तो वे पूरे भारत में पहचाने जाने लगे। इसके बाद वे झलक दिखला जा, स्वर्ण स्वर भारत, बाथरूम सिंगर जैसे शोज़ का हिस्सा भी बने।
राजनीति में मजबूत दखल
रवि किशन ने 2014 में कांग्रेस से राजनीति की शुरुआत की, लेकिन 2017 में भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया।
2019 लोकसभा चुनाव में उन्हें गोरखपुर से सांसद चुना गया, और वे संसद में अपनी कड़क आवाज़ और स्पष्ट वक्तव्य के लिए प्रसिद्ध हो गए। ‘संसद रत्न अवार्ड’ से सम्मानित होने वाले गिने-चुने कलाकार-सांसदों में उनका नाम आता है।
निजी जीवन और प्रेरणा
- जन्म: 17 जुलाई 1969, मुंबई
- पालन-पोषण: जौनपुर, उत्तर प्रदेश
- शिक्षा: रिज़वी कॉलेज, मुंबई
- पत्नी: प्रीति किशन (1993 में विवाह)
- संतान: चार (1 बेटा, 3 बेटियां)
- बेटी ईशिता किशन भारतीय सेना में अग्निवीर योजना के तहत चयनित हुईं — यह भी लोगों के लिए प्रेरणा है।