राजस्थान में एक्शन मोड पर कृषि विभाग, कीटनाशक के 27 उत्पादों की बिक्री पर लगाई रोक

कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. सतीश कुमार शर्मा के अनुसार श्रीगंगानगर जिले में खाद, बीज और उर्वरकों की गुणवत्ता की जांच के लिए टीमें गठित की गई हैं।

Vin News Network
Vin News Network
2 Min Read
राजस्थान में एक्शन मोड पर कृषि विभाग, कीटनाशक के 27 उत्पादों की बिक्री पर लगाई रोक

जयपुर : अमानक खाद, बीज व उर्वरक के खिलाफ कृषि विभाग श्रीगंगानगर व हनुमानगढ़ सहित राज्य भर में जांच के लिए अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में कृषि विभाग ने श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिले के अधिकारियों की राज्य स्तरीय टीम गठित कर हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय पर खाद, बीज व उर्वरक विक्रेताओं के यहां पर छापेमारी की कार्रवाई की गई।

हनुमानगढ़ जंक्शन पर रीको स्थित सीरोड सीड्स एंड केमिकल्स पर उपनिदेशक कृषि सामान्य कार्यालय श्रीगंगानगर के अतिरिक्त निदेशक कृषि (विस्तार) केशव कालीराणा और उनकी टीम ने छापेमारी की। इस दौरान टीम को कई खामियां मिलीं। इस कारण इस केंद्र के 27 उत्पादों के बिक्री पर रोक लगा दी गई है। इसके साथ ही 885 किलो कीटनाशी रसायनों और 15,346 लीटर रसायनों के उपयोग पर 30 दिन के लिए प्रतिबंध लगा दिया गया है। इन रसायनों के दो नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।

इसी क्रम में जंक्शन में रीको स्थित नूटरी वर्ल्ड मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का निरीक्षण कृषि अधिकारी सरोज ने किया, जहां दो नमूने भरे गए। वहीं उपनिदेशक उद्यान डॉ. रमेश बराला ने अष्टम सीड्स प्राइवेट लिमिटेड की टाउन शाखा का निरीक्षण किया और बीज के दो नमूने संग्रहित किए। इसके साथ ही टाउन में धान मंडी स्थित नंदन फर्टिलाइजर से बीज के दो नमूने भी लिए गए।

जिला स्तर पर कार्रवाई की निगरानी के लिए कृषि आयुक्तालय से संयुक्त निदेशक गुण नियंत्रण कृषि आयुक्तालय केके मंगल के साथ संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) हनुमानगढ़ प्रमोद यादव, सहायक निदेशक बलकरण सिंह और कृषि अनुसंधान अधिकारी राजेंद्र बेनीवाल मौजूद रहे। उन्होंने सभी कार्रवाई की समीक्षा करते हुए कार्रवाई जारी रखने की बात कही।

कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. सतीश कुमार शर्मा के अनुसार श्रीगंगानगर जिले में खाद, बीज और उर्वरकों की गुणवत्ता की जांच के लिए टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर मौके पर जाकर निरीक्षण कर रही हैं। यदि कोई कमी मिलती है संबंधित फर्म के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *