औरैया में युवती के गायब होने पर फैली ‘नागिन’ की अफवाह, पुलिस ने बताया फिल्मी कहानी

Vin News Network
Vin News Network
4 Min Read
कमरे में सांप की केंचुली मिलने के बाद गांव में फैली अफवाह, पुलिस ने शुरू की जांच।

उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के फफूंद थाना क्षेत्र के सीगंनपुर गांव में एक 20 वर्षीय युवती के घर से लापता होने के बाद ‘नागिन बनने’ की अफवाहों ने जोर पकड़ लिया। युवती के कमरे में सांप की केंचुली मिलने के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, पुलिस ने जांच के बाद इन दावों को अफवाह बताते हुए मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है।

कमरे में मिली सांप की केंचुली, मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, सुबह जब परिजन युवती को जगाने उसके कमरे में पहुंचे तो वह वहां मौजूद नहीं थी। बिस्तर पर कपड़ों में लिपटी करीब पांच फीट लंबी सांप की केंचुली पड़ी थी। यह दृश्य देखकर परिवार के लोग घबरा गए।

कुछ ही समय में गांव में खबर फैल गई और लोगों ने तरह-तरह के कयास लगाने शुरू कर दिए। किसी ने कहा कि सांप उसे उठा ले गया, तो कुछ लोगों ने इसे ‘इच्छाधारी नागिन’ की कहानी से जोड़ दिया।

जमीन के नीचे था सांप का बिल
परिजनों के मुताबिक, जिस कमरे में युवती सो रही थी, उसके फर्श के नीचे सांप का बिल बना हुआ था। उन्होंने बताया कि पहले भी कभी-कभी घर में सांप निकल आते थे। इसी वजह से केंचुली मिलने की घटना ने अफवाहों को और हवा दे दी।

हालांकि, आसपास के इलाकों में किसी ने भी युवती को आते-जाते नहीं देखा, जिससे रहस्य और गहरा गया और गांव में अंधविश्वास आधारित चर्चाएं तेज हो गईं।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
युवती के परिजनों ने बताया कि उनका रो-रोकर बुरा हाल है और वे चाहते हैं कि उनकी बेटी सकुशल घर लौट आए। परिवार ने काफी खोजबीन के बाद जब युवती का कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
इस मामले में अजीतमल क्षेत्राधिकारी मनोज गंगवार ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सीगंनपुर निवासी एक व्यक्ति ने सूचना दी कि उनकी करीब 20 वर्ष 6 माह की बेटी बिना बताए घर से चली गई है।

उन्होंने बताया कि प्रार्थना पत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मुकदमा संख्या 32/26, धारा 87 बीएनएस के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। युवती की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस की टीमों का गठन किया गया है।

‘नागिन’ बनने की खबरें अफवाह: पुलिस
क्षेत्राधिकारी मनोज गंगवार ने स्पष्ट रूप से कहा, “लड़की के नागिन बनने के संबंध में जो भी खबरें चल रही हैं, वे पूरी तरह अफवाह हैं। आम जनता इन पर ध्यान न दे।”

पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी संभावित पहलुओं पर काम किया जा रहा है। फिलहाल प्राथमिक तौर पर इसे एक गुमशुदगी का मामला माना जा रहा है।


पुलिस आसपास के क्षेत्रों में तलाश कर रही है और युवती के मोबाइल व अन्य संभावित सुरागों की जांच भी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा

गांव में फैली अंधविश्वास आधारित चर्चाओं के बीच पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर विश्वास न करें और जांच में सहयोग करें।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *