मुंबई/सोशल मीडिया: डायरेक्टर आदित्य धर की स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ (Dhurandhar) का जादू अब केवल सिनेमाघरों और ओटीटी तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि यह छात्रों के परीक्षा हॉल तक पहुँच गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक फोटो ने सबको हैरान कर दिया है, जिसमें अकाउंट्स के पेपर में फिल्म ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ के मशहूर किरदारों के नाम इस्तेमाल किए गए हैं।
क्वेश्चन पेपर में ‘जमील जमाली’ और ‘रहमान डकैत’
सेलिब्रिटी फोटोग्राफर वीरल बयानी के इंस्टाग्राम पेज पर शेयर की गई इस फोटो में देखा जा सकता है कि एग्जामिनर ने सवालों को रोचक बनाने के लिए फिल्म के किरदारों का सहारा लिया है। प्रश्न पत्र में जमील जमाली, एसपी चौधरी असलम और यालिना जमाली जैसे नामों का जिक्र है। वहीं, अन्य सवालों में फिल्म के चर्चित विलेन और लीड कैरेक्टर्स जैसे हमजा अली मजारी, रहमान डकैत और उजैर बलौच के नाम भी शामिल किए गए हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए मजेदार रिएक्शन्स
जैसे ही यह पेपर इंटरनेट पर आया, फैंस और यूजर्स ने मजेदार कमेंट्स की झड़ी लगा दी। एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, “लगता है पेपर सेट करने वाला खुद धुरंधर का बहुत बड़ा फैन है,” वहीं दूसरे ने लिखा, “भाई, रहमान डकैत तो इस सवाल में भी मारा गया!” ‘धुरंधर 2’ की 1000 करोड़ की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद इस तरह का क्रेज फिल्म की जबरदस्त लोकप्रियता को दर्शाता है।
बॉक्स ऑफिस और ओटीटी पर ‘धुरंधर’ का राज
रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर 2’ ने जहां बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ का ऐतिहासिक बिजनेस किया है, वहीं फिल्म का पहला पार्ट भारत और पाकिस्तान दोनों देशों में नेटफ्लिक्स पर टॉप ट्रेंड्स में बना हुआ है। फिल्म के किरदारों और कहानी ने दर्शकों के बीच ऐसा प्रभाव छोड़ा है कि अब वे अकादमिक सवालों का हिस्सा बन रहे हैं।