लखनऊ। संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में राज्य संग्रहालय लखनऊ द्वारा “स्वच्छता ही सेवा” पखवाड़ा 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 के अंतर्गत दिनांक 19 सितम्बर को एक प्रेरणादायक एवं सार्थक जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की प्रेरणा मंत्री जी द्वारा प्रदान की गई थी जबकि इसका सफल संचालन राज्य संग्रहालय लखनऊ के निदेशक डॉ. विनय कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
इस स्वच्छता पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति चेतना जगाना रहा। कार्यक्रम के अंतर्गत विविध प्रतियोगिताएँ, वृक्षारोपण, स्वच्छता श्रमदान तथा जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गई जिनमें लखनऊ के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
वृक्षारोपण पर्यावरण की ओर एक कदम
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण वृक्षारोपण कार्यक्रम रहा जिसमें मुख्यमंत्री के आर्थिक सलाहकार पी. राजू ने सहभागिता कर “स्वच्छता ही सेवा” के उद्देश्य को बल प्रदान किया। उन्होंने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भारत के निर्माण का संदेश दिया।
उद्देश्य एवं संदेश
यह कार्यक्रम केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं था बल्कि इसका व्यापक उद्देश्य विद्यार्थियों एवं नागरिकों को स्वच्छता के प्रति सजग करना था। कार्यक्रम में सभी को “स्वच्छ भारत ,स्वस्थ भारत” का संकल्प दिलाया गया। वृक्षारोपण एवं श्रमदान के माध्यम से बच्चों ने न केवल पर्यावरण संरक्षण में योगदान दिया बल्कि स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश भी दिया।