भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर मंगलवार को लोकसभा में विपक्षी दलों ने हंगामा किया, जिसके चलते सदन की कार्यवाही कई बार स्थगित करनी पड़ी। बैठक शुरू होने के कुछ ही मिनटों बाद हंगामे के कारण कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।
सुबह 11 बजे सदन की बैठक शुरू होने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पूर्व सांसद सुरुपसिंह हिरिया नाइक के निधन की सूचना दी और सदन ने मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद जैसे ही प्रश्नकाल शुरू हुआ, कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के सदस्य नारेबाजी करते हुए आसन के पास आ गए। वे भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज करा रहे थे।
ओम बिरला ने विपक्षी सांसदों से अपील करते हुए कहा कि प्रश्नकाल सदस्यों का महत्वपूर्ण समय होता है, जिसमें सरकार की जवाबदेही तय होती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव और बजट पर चर्चा के दौरान सभी को बोलने का अवसर मिलेगा।
हंगामा न थमने पर कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। बाद में जब कार्यवाही फिर शुरू हुई तो विरोध जारी रहा। इसके बाद राहुल गांधी ने बोलने की कोशिश की और चीन का मुद्दा उठाया, जिस पर संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने आपत्ति जताई। इसके बाद हंगामा बढ़ गया और सदन की कार्यवाही फिर स्थगित कर दी गई।