अररिया जिले के नरपतगंज थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। मध्य विद्यालय कन्हैली में तैनात शिक्षिका शिवानी कुमारी का अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना डुमरिया के पास 17 नंबर रोड स्थित भोला बाबा मंदिर के पास हुई, जब वे रोजाना की तरह फारबिसगंज से विद्यालय जा रही थीं।
जानकारी के अनुसार, शिवानी कुमारी स्कूटी से स्कूल जा रही थीं कि तभी बाइक पर सवार दो अज्ञात युवकों ने नजदीक से उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें अररिया सदर अस्पताल पहुँचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि हमलावरों ने वारदात को अंजाम देने के बाद तेज रफ्तार से फरार हो गए। मृतका मूल रूप से उत्तर प्रदेश की निवासी थीं और पिछले दो वर्षों से अररिया जिले में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं।
पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर नाकाबंदी कर दी और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल हमले के कारणों और हमलावरों की पहचान के लिए जांच जारी है। इस घटना ने पूरे इलाके में डर और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।