फर्रुखाबाद- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म और हत्या के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। आरोपी की पहचान मनू के रूप में हुई है, जो ₹50,000 का इनामी अपराधी था।
घटना कायमगंज कोतवाली क्षेत्र की है, जहां की एक बालिका मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में रिश्तेदारी में गई थी। वहीं से उसका अपहरण हुआ था। बाद में उसका शव मिला और जांच में सामने आया कि बालिका के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई।
28 जून की सुबह बालिका का शव जनपद मैनपुरी के भोगांव कोतवाली क्षेत्र के गांव देवीपुर के पास मिला था। इस घटना में गांव पखना निवासी 55 वर्षीय अधेड़ मनू को आरोपित बनाया गया है।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा मनू पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। उसके बाद पुलिस उप महानिरीक्षक हरीश चंदर द्वारा आरोपित पर घोषित 25 हजार रुपये इनाम को दो गुना कर दिया गया है।
पुलिस कई दिनों से आरोपी की तलाश में थी। पुख्ता सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी की और हुई मुठभेड़ में आरोपी मनू मारा गया। वह दुष्कर्म, हत्या और अपहरण के मामले में वांछित था।