Video : बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर से विवाद में घिरे लालू प्रसाद यादव !

दरअसल, जन्मदिन पर कई शुभचिंतक व आरजेडी कार्यकर्ता लालू यादव से मिलने आए और उन्हें बधाई दी। राबड़ी आवास में लालू यादव ने कई लोगों से बधाईयां लीं।

Vin News Network
Vin News Network
4 Min Read
Video : बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर से विवाद में घिरे लालू प्रसाद यादव !

पटना : राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने हाल में ही अपना 78वां जन्मदिन मनाया है। आरजेडी प्रमुख जन्मदिन को लेकर लगातार विवादों में भी घिरते जा रहे हैं। अपने शुभचिंतकों से लालू यादव जन्मदिन पर खुलकर मिले। इसी मुलाकात और शुभकामना देने के दौरान के कुछ वाक्ये विवादों में घिर गए। पहले तलवार से केक काटने का वीडियो आया तो लालू यादव पर जमकर सियासी हमला हुआ.।अब बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की एक तस्वीर को लेकर वो चर्चे में हैं।

दरअसल, जन्मदिन पर कई शुभचिंतक व आरजेडी कार्यकर्ता लालू यादव से मिलने आए और उन्हें बधाई दी। राबड़ी आवास में लालू यादव ने कई लोगों से बधाईयां लीं। इसी क्रम में एक शुभचिंतक बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर भेंट के रूप में राजद सुप्रीमो के लिए लेकर आया। भाजपा ने जो वीडियो शेयर किया है उसमें लालू यादव अपना पैर दूसरी कुर्सी पर रखे हुए हैं। शुभचिंतक लालू यादव को जब तस्वीर भेंट करता है तो तस्वीर उस कुर्सी के बगल में ही रखकर फोटो क्लिक करवाता है जिस कुर्सी पर लालू यादव पैर रखे हुए हैं।

दरअसल, लालू यादव की सेहत बिगड़ी हुई है। किडनी ट्रांसप्लांट हुआ और लंबे समय से उनका इलाज चल रहा है। इसलिए जन्मदिन के दिन भी वो सेहत के प्रति बेहद सतर्क दिखे। उन्होंने शुभकामनाएं सभी से ली, लेकिन अपनी ओर से अधिक हलचल नहीं दिखायी। वहीं बाबा साहेब की तस्वीर प्रकरण पर राजद सुप्रीमो को भाजपा ने घेरा है।

भाजपा ने पार्टी की सोशल मीडिया हैंडल से वीडियो पोस्ट करके लिखा- लालू प्रसाद यादव, जो दशकों से खुद को सामाजिक न्याय का पुरोधा बताते हैं, उन्होंने बाबा साहेब अंबेडकर का घोर अपमान किया है। उनके जन्मदिन पर, बाबा साहेब की तस्वीर उनके चरणों में रखी गई और लालू यादव ने न तो उसे उठाया, न सम्मान दिया और न ही छूना तक ज़रूरी समझा। खुद को सामाजिक न्याय का ठेकेदार बताने वालों को दलित समाज का वोट तो चाहिए, लेकिन उनके आराध्य पुरुष का अपमान करने से नहीं चूकते। जिस बाबा साहेब ने वंचितों को संविधान के ज़रिए न्याय दिलाया, आज उन्हीं को चरणों में गिरा देना… यह सिर्फ़ अपमान नहीं, एक मानसिकता का पर्दाफ़ाश है।

राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा, इन(भाजपा) लोगों को बाबा साहब, संविधान और आरक्षण से कोई मतलब नहीं है। लालू यादव ने बिहार में बाबा साहब अंबेडकर की कितनी प्रतिमाएं लगवाई हैं। हम अंबेडकर की विचारधारा को मानने वाले लोग हैं। लालू यादव 78 साल की उम्र में 10 घंटे काम करते हैं, लोगों से मिलते हैं।

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि लालू प्रसाद यादव ने अपने जन्मदिन पर अंबेडकर जी की प्रतिमा अपने पैरों के पास रखी… अंबेडकर इस देश के मसीहा हैं, उन्होंने संविधान दिया, मौलिक अधिकार दिए, सामाजिक न्याय दिया। पूरा देश अंबेडकर का सम्मान करता है और लालू यादव उनके चित्र को अपने पैर के पास रखते हैं और तलवार से केक काटते हैं, यह बिहार के लोगों को समझना चाहिए।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *