हेलमेट पहनकर दुकान में घुसा बदमाश, चाकू दिखाकर महिला को बनाया बंधक, गोंद से चिपकाए हाथ, मंगलसूत्र लूटने की कोशिश CCTV में कैद

Vin News Network
Vin News Network
4 Min Read
बेंगलुरु में दिनदहाड़े लूट की कोशिश, दुकान में घुसते ही महिला पर किया हमला

विन न्यूज़ नेटवर्क। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में दिनदहाड़े लूट की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने दुकान में घुसकर महिला रिसेप्शनिस्ट को चाकू की नोक पर बंधक बना लिया। आरोपी ने महिला को बेबस करने के लिए उसके दोनों हाथ काउंटर पर गोंद से चिपका दिए और गले से सोने का मंगलसूत्र छीनने की कोशिश की।

हालांकि, महिला की हिम्मत और आसपास मौजूद लोगों की सतर्कता से आरोपी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वारदात की भयावह तस्वीरें दिखाई दे रही हैं।

हेलमेट और दस्ताने पहनकर पहुंचा था आरोपी

पुलिस के मुताबिक, यह घटना 31 अक्टूबर को सुबह करीब 11:45 बजे से दोपहर 12:15 बजे के बीच 100 फीट रोड स्थित प्रीमियम शू एंड बैग रिपेयर शॉप में हुई। दुकान में उस समय 23 वर्षीय महिला रिसेप्शनिस्ट अकेली मौजूद थी। तभी करीब 40 वर्षीय प्रभुराज हेलमेट और दस्ताने पहनकर अंदर दाखिल हुआ। वह कुछ अस्पष्ट बातें कर रहा था और दावा कर रहा था कि कोई उसका पीछा कर रहा है। इसके बाद अचानक वह रिसेप्शन काउंटर पार करके महिला के पास पहुंच गया।

चाकू दिखाकर दी जान से मारने की धमकी

महिला ने जब दुकान के मालिक को फोन करने की कोशिश की तो आरोपी ने उसे पकड़ लिया। उसने महिला का मुंह बंद किया और गले पर चाकू रखकर शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसके दोनों हाथों पर तेज चिपकने वाला गोंद डालकर काउंटर से चिपका दिया। आरोपी ने महिला के मुंह में कपड़ा भी ठूंस दिया और उसके करीब 35 ग्राम सोने के मंगलसूत्र को लूटने का प्रयास किया। अचानक हुए इस हमले से महिला बुरी तरह घबरा गई, लेकिन उसने हिम्मत नहीं छोड़ी।

महिला की चीख सुनकर दौड़े लोग, पुलिस ने दबोचा

खुद को छुड़ाने की कोशिश में महिला किसी तरह अपने हाथ काउंटर से अलग करने में सफल रही और मदद के लिए चिल्लाने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंच गए। भीड़ को देखकर आरोपी ने चाकू लहराया और भागने की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद लोगों और नजदीक तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। इस तरह एक बड़ी वारदात टल गई।

पुलिस हिरासत में आरोपी, मानसिक स्थिति की भी जांच

इंदिरा नगर पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान प्रभुराज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह मानसिक रूप से परेशान और गंभीर अवसाद से जूझता हुआ प्रतीत हो रहा है। उसके पारिवारिक और चिकित्सकीय इतिहास की भी जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। राहत की बात यह है कि महिला सुरक्षित है और उसे कोई शारीरिक चोट नहीं आई।

कानपुर में भी महिला से चेन लूट की वारदात

महिलाओं को निशाना बनाकर की जा रही लूट की घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं। हाल ही में उत्तर प्रदेश के कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र स्थित लालबंगला में भी एक महिला से सोने की चेन और लॉकेट लूट लिया गया था। महिला घर से करीब 100 मीटर पहले पहुंची थी, तभी पीछे से आए एक युवक ने उसका मुंह दबाकर वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गया। इन घटनाओं ने सार्वजनिक स्थानों और आसपास के इलाकों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *