विन न्यूज़ नेटवर्क। मध्य प्रदेश की अजनार नदी की सफाई को लेकर सोशल मीडिया पर पहचान बनाने वाले बिट्टू तबाही अब अपने स्वच्छता अभियान को दूसरे राज्यों तक पहुंचा रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने बेंगलुरु के तुरहल्ली फॉरेस्ट में बड़े स्तर पर सफाई अभियान चलाया। इस अभियान में करीब 100 लोगों की टीम ने हिस्सा लिया और जंगल में लंबे समय से जमा प्लास्टिक, कचरे और जमीन के भीतर दबे वेस्ट को बाहर निकाला।
कनकपुरा रोड के पास स्थित तुरहल्ली फॉरेस्ट बेंगलुरु से लगभग 20 किलोमीटर की दूरी पर है। प्राकृतिक हरियाली और जैव विविधता के लिए पहचाने जाने वाले इस इलाके में जगह-जगह कचरा जमा होने की समस्या सामने आती रही है। बिट्टू तबाही और उनकी टीम ने यहां सफाई के साथ-साथ लोगों को सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने का संदेश भी दिया।
100 लोगों की टीम ने संभाला मोर्चा
सफाई अभियान के दौरान बड़ी संख्या में स्वयंसेवक बिट्टू तबाही के साथ नजर आए। टीम के सदस्यों ने ग्लव्स और मास्क पहनकर जंगल में फैले कचरे को इकट्ठा किया। कई स्थानों पर प्लास्टिक और अन्य वेस्ट जमीन के अंदर तक दबा हुआ था, जिसे निकालने के लिए फावड़े और दूसरे उपकरणों का इस्तेमाल किया गया।
जहां कचरा काफी गहराई में जमा था, वहां उसे हटाने के लिए जेसीबी की भी मदद ली गई। अभियान के बाद एकत्रित कचरे को अलग-अलग तरीके से निस्तारण और रीसाइक्लिंग के लिए भेजने की व्यवस्था की गई। इस दौरान स्थानीय लोगों और स्वयंसेवकों ने भी सफाई कार्य में सहयोग दिया।
अलग-अलग राज्यों तक पहुंच रहा सफाई मिशन
बिट्टू तबाही का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल किसी एक जगह की सफाई करना नहीं, बल्कि लोगों के बीच स्वच्छता को लेकर जिम्मेदारी की भावना पैदा करना है। वह अपने अभियान के जरिए अलग-अलग राज्यों में जाकर सार्वजनिक स्थानों और पर्यावरण को साफ रखने के प्रति लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
तुरहल्लि फॉरेस्ट में चलाए गए अभियान के दौरान भी उन्होंने लोगों से अपील की कि जंगल, नदियों और दूसरे प्राकृतिक स्थलों को कूड़ाघर न बनाया जाए। उनका मानना है कि प्रशासन के प्रयासों के साथ आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है।
अजनार नदी की सफाई से मिली पहचान
बिट्टू तबाही का नाम इससे पहले मध्य प्रदेश की अजनार नदी की सफाई के बाद तेजी से चर्चा में आया था। उन्होंने लंबे समय तक नदी में जमा प्लास्टिक और अन्य कचरे को हटाने का काम किया। सफाई अभियान से जुड़े वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने उनके प्रयासों की सराहना की।
उनका अभियान किसी बड़े सरकारी प्रोजेक्ट के तौर पर नहीं, बल्कि व्यक्तिगत पहल के रूप में शुरू हुआ था। लगातार सफाई करने और लोगों को इससे जोड़ने के उनके प्रयासों ने उन्हें सोशल मीडिया पर अलग पहचान दिलाई।
The Ocean Cleanup से मिला था नौकरी का प्रस्ताव
अजनार नदी की सफाई के प्रयासों की चर्चा अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंची। पर्यावरण संगठन The Ocean Cleanup की ओर से बिट्टू तबाही को नौकरी का प्रस्ताव दिए जाने की जानकारी भी सामने आई थी। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए लोगों का आभार जताया और अपनी अगली सफाई मुहिम के लिए जगह सुझाने को कहा था।
अब बेंगलुरु के तुरहल्ली फॉरेस्ट में 100 लोगों के साथ चलाए गए अभियान के बाद एक बार फिर बिट्टू तबाही चर्चा में हैं। उनका सफाई मिशन लगातार अलग-अलग राज्यों तक पहुंच रहा है और इसका उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छ सार्वजनिक स्थानों के प्रति जागरूक करना है।