विन न्यूज़ नेटवर्क। मेरठ के लिसाड़ी गेट इलाके में गुरुवार देर रात एक युवती पर गोली चलाए जाने की घटना से हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, अपनी सहेली और उसके पति के साथ घर लौट रही 24 वर्षीय शाहीन पर एक युवक ने फायरिंग कर दी। गोली उसके कान के पास लगी, जिससे वह सड़क पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ी। गंभीर हालत में उसे तत्काल केएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
बर्थडे के बाद लौट रही थी युवती
घायल युवती की सहेली आयशा ने बताया कि शाहीन बुधवार को अपना जन्मदिन मनाने के बाद गुरुवार रात रिश्तेदारों से मिलने गई थी। देर रात करीब 11 बजे शाहीन और उसका पति सरफराज और आयशा तीनों घर के लिए बाइक पर निकले।
जैसे ही तीनों अंजुम पैलेस के सामने पहुंचे, तभी आरोपी कैफ उर्फ बल्लू ने बाइक रोक ली और चाबी निकाल ली। इसके बाद उसने शाहीन को नीचे उतारकर उससे बहस शुरू कर दी।
शादी करने का बना रहा था दबाव
आयशा के अनुसार, आरोपी शाहीन पर उससे शादी करने का दबाव बना रहा था। वह कथित तौर पर कह रहा था कि अगर शाहीन ने उससे विवाह नहीं किया तो वह उसकी शादी किसी और से भी नहीं होने देगा। विवाद बढ़ने पर उसने शाहीन के साथ मारपीट शुरू कर दी।
बीच-बचाव के दौरान आरोपी ने हथियार निकाल लिया। पहली गोली निशाने पर नहीं लगी, लेकिन दूसरी गोली शाहीन के कान के पास जा लगी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर गई और काफी खून बहने लगा।
भीड़ जुटी तो फरार हुआ आरोपी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फायरिंग के बाद आरोपी ने आयशा को भी निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन आसपास लोगों की भीड़ जमा होती देख वह मौके से भाग निकला। घायल शाहीन को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचने के लगभग आधे घंटे बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
शादीशुदा है आरोपी
पुलिस को दी गई जानकारी में बताया गया कि आरोपी कैफ उर्फ बल्लू पहले से शादीशुदा है। उसने अपनी मामा की बेटी से विवाह कर रखा है, इसके बावजूद वह शाहीन से शादी करना चाहता था और लगातार उस पर दबाव बना रहा था।

मौके पर पहुंची पुलिस
फायरिंग की सूचना मिलते ही एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले, सीओ और ब्रह्मपुरी व लिसाड़ी गेट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है।
एसपी सिटी ने बताया कि घायल युवती का इलाज कराया जा रहा है और आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग और शादी के लिए दबाव बनाने से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत देने की अपील की है।