विन न्यूज़ नेटवर्क। सुल्तानपुर पुलिस ने तमंचे के बल पर राहगीरों, दंपत्तियों और महिलाओं से लूटपाट करने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, लॉकेट, मोबाइल फोन, 10 हजार रुपये नकद, एक अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई अपाचे बाइक बरामद की गई है।
पुलिस का दावा है कि इनकी गिरफ्तारी से सुल्तानपुर और आसपास के क्षेत्रों में हुई तीन अलग-अलग लूट की घटनाओं का खुलासा हुआ है।
सीसीटीवी और वैज्ञानिक साक्ष्यों से मिली सफलता
अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह ने बताया कि 24 जून को लंभुआ के सोनबरसा में बाइक सवार तीन बदमाशों द्वारा एक व्यक्ति से लूट की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम गठित की गई।
जांच के दौरान आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और तकनीकी तथा वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए। इन साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- पुष्पेंद्र सिंह, निवासी रैदासी, थाना कुड़वार
- आशुतोष पांडे, निवासी रवनिया, थाना कुड़वार
- शिवा यादव, निवासी पूरे भिखी का पुरवा, थाना कुड़वार
पूछताछ में कबूलीं दो और घटनाएं
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने 17 जून को पीपरपुर रेलवे स्टेशन के पास हुई चेन स्नैचिंग और मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के ज्ञानीपुर गेट के पास एक महिला से लूट की वारदात में भी शामिल होने की बात स्वीकार की। पीपरपुर रेलवे स्टेशन की घटना के संबंध में जीआरपी सुल्तानपुर में पहले से मुकदमा दर्ज है।
सुनसान जगह चुनकर करते थे वारदात
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे पहले सड़क से गुजरने वाले लोगों की रेकी करते थे। जब कोई सुनसान स्थान मिलता, तो तमंचा दिखाकर पीड़ितों को धमकाते और लूटपाट कर फरार हो जाते थे। पुलिस ने इनके पास से लूटी गई सोने की चेन, लॉकेट और 10 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
मुख्य आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी पुष्पेंद्र सिंह के खिलाफ पहले से 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, अन्य दोनों आरोपियों का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद सोमवार शाम करीब चार बजे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब इनके अन्य संभावित साथियों और अतिरिक्त वारदातों की भी जांच कर रही है।