अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव और होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बढ़ते विवाद के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने एक बार फिर ईरान को कड़ा संदेश दिया है। ट्रंप ने कहा कि इस अहम समुद्री मार्ग से गुजरने वाले जहाजों पर किसी भी तरह का टोल या शुल्क वसूला जाना स्वीकार नहीं किया जाएगा और यदि ऐसा होता है तो इसे तुरंत रोका जाना चाहिए। उन्होंने यह भी दावा किया कि दुनिया में तेल की आपूर्ति जल्द ही सामान्य हो जाएगी, चाहे इसमें ईरान शामिल हो या नहीं, हालांकि उन्होंने इसके लिए कोई स्पष्ट योजना नहीं बताई।
यह बयान ऐसे समय आया है जब हाल ही में अमेरिका और ईरान के बीच सीमित सीजफायर और होर्मुज स्ट्रेट को आंशिक रूप से खोलने पर सहमति बनी थी। लेकिन ताजा बयान के बाद इस समझौते की स्थिरता पर सवाल उठने लगे हैं और वैश्विक ऊर्जा बाजार में अनिश्चितता बढ़ गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार ईरान द्वारा ट्रांजिट शुल्क को क्रिप्टोकरेंसी के जरिए लेने की संभावना पर भी चर्चा हो रही है, जिससे विवाद और जटिल हो सकता है। साथ ही, ट्रंप प्रशासन की ओर से यह संकेत भी दिया गया है कि अमेरिका ईरान के साथ टैरिफ और प्रतिबंधों में राहत जैसे मुद्दों पर बातचीत जारी रखे हुए है, और दोनों पक्षों के बीच कुछ बिंदुओं पर सहमति भी बन चुकी है।