होली का त्योहार रंगों, मिठाइयों और मेहमानों के स्वागत का पर्व होता है, ऐसे में अगर आप अपने मेहमानों को कुछ खास और पारंपरिक पिलाना चाहते हैं, तो केसर-बादाम शरबत एक बेहतरीन विकल्प है। यह स्वाद में बेहद रिच, खुशबूदार और ठंडक देने वाला पेय है, जो होली के मौसम में शरीर को ताजगी देता है।
इसे बनाने के लिए सबसे पहले आधा कप बादाम को रातभर पानी में भिगोकर उनका छिलका निकाल लें और थोड़े दूध के साथ बारीक पेस्ट तैयार कर लें। अब एक लीटर दूध को गर्म करें और उसमें 10-12 केसर के धागे डालकर धीमी आंच पर पकाएं, ताकि दूध में केसर का रंग और खुशबू अच्छी तरह घुल जाए।
इसके बाद इसमें बादाम का पेस्ट डालकर 5-10 मिनट तक पकाएं, फिर आधा कप चीनी मिलाकर अच्छी तरह घोलें। स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें इलायची पाउडर और थोड़ा सा गुलाब जल भी डाल सकते हैं।
तैयार शरबत को ठंडा होने दें या फ्रिज में रख दें और सर्व करते समय गिलास में डालकर ऊपर से कटे हुए पिस्ता और बर्फ डालें। यह शरबत न सिर्फ पीने में लाजवाब होता है, बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद है बादाम शरीर को ऊर्जा देते हैं, केसर मूड और त्वचा के लिए अच्छा होता है और दूध कैल्शियम से भरपूर होता है।
होली पर तली-भुनी चीजों के बीच यह ठंडा और पौष्टिक पेय आपके मेहमानों को जरूर पसंद आएगा और आपकी मेहमाननवाजी में खास स्वाद जोड़ देगा।