बिहार के गया जिले में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की टीम पर ग्रामीणों द्वारा किए गए हमले से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना मगध मेडिकल थाना क्षेत्र के खिरियावां गांव की है, जहां रविवार (22 फरवरी 2026) देर रात STF टीम एक हत्या के आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची थी।
बताया जा रहा है कि आरोपी संजय मांझी हत्या के एक मामले में वांछित था। STF टीम जैसे ही उसे पकड़ने के करीब पहुंची, उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए और देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई।
भीड़ ने STF टीम पर पत्थरबाजी शुरू कर दी और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में चार से पांच STF जवान घायल हो गए। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कुछ समय के लिए ग्रामीणों ने जवानों के हथियार भी छीन लिए। हालांकि बाद में पुलिस की सख्ती और दबिश के बाद हथियारों को बरामद कर लिया गया।
घायल जवानों को तुरंत मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इस मामले में टाउन डीएसपी-2 धर्मेंद्र भारती ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने अब तक सात लोगों को हिरासत में लिया है। अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।