लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व में केंद्र की मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित बीजेपी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की तमाम उपलब्धियां गिनाईं। सीएम योगी ने कहा कि बीते 11 वर्षों में कई ऐतिहासिक काम हुए। वैश्विक मंच पर भी देश की छवि मजबूत हुई। पीएम मोदी के नेतृत्व में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना साकार हुई। सीएम योगी ने कहा, पीएम मोदी ने भारत को न केवल वैश्विक पहचान दी है, बल्कि स्वयं को तपाकर और खपाकर 140 करोड़ भारतवासियों को भी एक विश्वास का प्रतीक बनाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, आजादी के 65 वर्षों में कांग्रेस नेतृत्व की अस्थिर सरकारों के कारण आम जनता का विश्वास टूटा था, विश्वास खंडित हुआ था, वैश्विक मंच पर भारत की छवि तार-तार हुई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 साल का कार्यकाल भारत के स्वर्णिम काल का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इन 11 वर्षों में भारत में न केवल सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से बल्कि सुरक्षा की मोर्चे पर, सुशासन के मोर्चे पर और आर्थिक मोर्चे पर भी एक नई पहचान बनाई है। शासन की नीति स्पष्टता, कार्य प्रणाली की पारदर्शिता और जनता के प्रति जवाबदेही अब शासन की एक नई पहचान बनी है। विकास केवल नारे नहीं, बल्कि विरासत और विकास का बेहतर समन्वय करते हुए, आम जनमानस को साथ लेकर चलने की एक नई प्रवृत्ति को दुनिया के अंदर भारत को नई पहचान दिलाई है।
सीएम योगी ने कहा कि हम लोग शांति, सौहार्द के साथ विकास की बात करेंगे, लेकिन कोई हम पर युद्ध थोपेगा, हमारी सुरक्षा में सेंध लगाएगा, भारत के अंदर आतंकवाद को प्रेरित और प्रोत्साहित करेगा, तो उसका जवाब सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर ही होंगे। भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया की अकेली अर्थव्यवस्था है, जो एक दशक में दोगुनी हुई है…भारत दुनिया का पहला देश है, जिसने अपनी प्रति व्यक्ति आय दोगुनी से अधिक की है।
सीएम योगी कहा कि यह भारत ने मेड इन इंडिया की ताकत के माध्यम से करके दिखाया है और दुनिया ने इस ताकत का एहसास भी किया है। यही नहीं, 1952 से लगातार भारत पर थोपे गए धारा 370 को पूरी तरह समाप्त करके जम्मू कश्मीर को, लद्दाख को, भारत के कानून के अनुरूप संवैधानिक दायरे में लाकर भारत की अखंडता को कश्मीर से कन्याकुमारी तक एक भारत श्रेष्ठ भारत के नए मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को नेतृत्व, मातृ वंदना कार्यक्रम से लेकर बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ कार्यक्रम से लेकर के नारी शक्ति वंदन अधिनियम तक किए गए अनेक कार्यक्रम, सैनिक स्कूलों में बेटियों की भर्ती हो, नेशनल डिफेंस एकेडमी में भी पहली बार महिलाओं की भर्ती हो सके और वह भी सेवा में उच्च सैन्य अधिकारी के पद पर जा सके यह पहली बार हुआ है। साथ ही, संविधान का सम्मान, बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के द्वारा बनाए गए संविधान का हर हाल में सम्मान होगा और इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी जी ने 26 नवंबर की तिथि को संविधान दिवस के रूप में पूरे देश के अंदर 2015 से इस कार्यक्रम को करने की कार्यवाही पहली बार शुरू की।