महिला विश्व कप 2025 में पाकिस्तान का अभियान बेहद निराशाजनक तरीके से समाप्त हुआ। पूरी श्रृंखला में टीम एक भी जीत हासिल नहीं कर सकी और टूर्नामेंट में बिना जीत के बाहर होने वाली एकमात्र टीम बनी। शुक्रवार को कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ खेला जाने वाला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया जिससे पाकिस्तान को एक बार फिर निराशा हाथ लगी।
अंक तालिका में पाकिस्तान फिलहाल सातवें स्थान पर है जिसके खाते में केवल तीन अंक हैं और नेट रन रेट -0.58 है। ये सभी अंक उन्हें ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और श्रीलंका के खिलाफ बारिश से रद्द हुए मैचों से मिले। अगर 26 अक्तूबर को नवी मुंबई में होने वाले मैच में बांग्लादेश भारत को हरा देता है तो पाकिस्तान अंक तालिका में सबसे नीचे पहुंच जाएगा हालांकि इसकी संभावना बेहद कम है।
दूसरी ओर श्रीलंका ने टूर्नामेंट में सात मैचों में से केवल एक जीत दर्ज की और पांच अंकों के साथ अपना सफर समाप्त किया। पाकिस्तान के लिए यह विश्व कप पूरी तरह निराशाजनक रहा जहां टीम ने कई मौकों पर संघर्ष किया लेकिन जीत तक नहीं पहुंच पाई।
अब सेमीफाइनल की चार टीमें तय हो चुकी हैं ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और भारत। हालांकि अभी यह तय नहीं हुआ है कि किसका मुकाबला किससे होगा। अंक तालिका के अनुसार, भारत चौथे स्थान पर रहेगा, जबकि शीर्ष पर ऑस्ट्रेलिया बनी हुई है। 25 अक्तूबर को होने वाले ऑस्ट्रेलिया बनाम दक्षिण अफ्रीका मैच से तय होगा कि भारत से सेमीफाइनल में कौन भिड़ेगा।
पहला सेमीफाइनल शीर्ष स्थान और चौथे स्थान की टीम के बीच होगा जबकि दूसरा सेमीफाइनल दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच खेला जाएगा। भारत का सामना या तो ऑस्ट्रेलिया से होगा या दक्षिण अफ्रीका से यह परिणाम आने वाले मुकाबले पर निर्भर करेगा।