बलुआ स्थित जॉर्डन ग्राउंड पर खेले गए वैष्णो स्पोर्ट्स लीजेंड टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में पी.सी.ए. रामनगर ने पूर्वांचल स्पोर्ट्स चंदौली को 19 रनों से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए पी.सी.ए. रामनगर की टीम 20 ओवरों में 194 रन पर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से मिथिलेश ने 36 गेंदों में 67 रन बनाए जबकि महेंद्र ने 16 गेंदों में 29 रन की तेज़ पारी खेली। जवाब में खेलते हुए पूर्वांचल स्पोर्ट्स चंदौली ने निर्धारित 20 ओवरों में 175 रन पर 8 विकेट खोकर मुकाबला समाप्त किया। टीम की ओर से विभाष ने 30 गेंदों में 43 रन (5 चौके, 2 छक्के), विरेन्द्र ने 27 गेंदों में 31 रन (1 चौका, 1 छक्का), राकेश ने 17 गेंदों में 34 रन (4 चौके, 2 छक्के) और इमरान ने 21 गेंदों में 16 रन बनाए। जैसल ने 5 गेंदों में 8 रन (1 छक्का) बनाया। एक समय टीम 10 ओवर में 2 विकेट पर 100 रन बनाकर मजबूत स्थिति में थी लेकिन मध्यक्रम के बल्लेबाज़ों के गैर-जिम्मेदाराना शॉट्स के कारण जीत हाथ से निकल गई। पूर्वांचल स्पोर्ट्स की गेंदबाज़ी में रिज़वान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके वहीं विभाष ने अपने 4 ओवरों में केवल 22 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। जैसल और कैश आलम को 1-1 विकेट मिला। अतिरिक्त रनों की संख्या पूर्वांचल स्पोर्ट्स की ओर से 25 और रामनगर टीम की ओर से 29 रही।
दर्शकों ने पूरे मैच के दौरान दोनों टीमों का उत्साहवर्धन किया और फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक बना रहा। मैच के अंपायर रज्जाक खान, स्कोरर अब्दुल खान तथा मैच रेफरी श्रीवास्तव रहे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि संजीत चौधरी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि, मैच भले ही पूर्वांचल स्पोर्ट्स हार गई हो लेकिन उनके खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना और जोरदार प्रदर्शन किया। अगर अंतिम ओवरों में थोड़ी बेहतर बल्लेबाज़ी होती तो जीत पूर्वांचल की होती। समय-समय पर ऐसे खेल आयोजनों से आपसी भाईचारा और टीम भावना और भी मजबूत होती है।सभी लोगों एवं सम्मानित अतिथियों का धन्यवाद टूर्नामेंट के निर्देशक शौजब हुसैन ने किया।