आयोवा : भारत के मशहूर बैडमिंटन खिलाड़ी आयुष शेट्टी ने यूएस ओपन 2025 में शानदार जीत हासिल की और अपना पहला बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब अपने नाम किया। रविवार को हुए पुरुष सिंगल्स फाइनल में उन्होंने कनाडा के तीसरे वरीय खिलाड़ी ब्रायन यांग को 21-18, 21-13 से हराया। वहीं, महिला सिंगल्स में सिर्फ 16 साल की तन्वी शर्मा ने कमाल कर दिखाया और टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के साथ फाइनल तक का सफर तय किया।
20 साल के उभरते सितारे आयुष शेट्टी कर्नाटक के रहने वाले हैं। ऐसे में इस सीजन में वर्ल्ड टूर खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बने। उनके लिए यह सप्ताह बेहतरीन रहा। सेमीफाइनल में उन्होंने वर्ल्ड नंबर 6 और टॉप सीड चाउ तिएन-चेन्न को हराकर अपनी ताकत दिखाई थी। फाइनल में ब्रायन यांग के खिलाफ उनकी मजबूत रणनीति और आत्मविश्वास ने उन्हें जीत दिलाई।
दूसरी ओर, तन्वी शर्मा ने टूर्नामेंट की सबसे बड़ी कहानी बनाई। वर्ल्ड रैंकिंग में 66वें नंबर पर होने के बावजूद, उन्होंने वर्ल्ड रैंक 23, 40, 50 और 58 के खिलाड़ियों को हराकर फाइनल में जगह बनाई। हालांकि, फाइनल में अमेरिका की टॉप सीड बेवेन झांग ने उन्हें तीन गेम (21-11, 16-21, 21-10) में मात दी। फिर भी, तन्वी भारत की सबसे कम उम्र की खिलाड़ी बन गईं, जो वर्ल्ड टूर फाइनल तक पहुंची।
बता दें कि, तन्वी भारत की एशियन टीम चैंपियनशिप जीतने वाली टीम का हिस्सा रही हैं। उन्होंने अपने आत्मविश्वास और आक्रामक खेल से सभी का ध्यान खींचा। सिर्फ 16 साल की उम्र में उन्होंने सीनियर सर्किट के लिए अपनी तैयारियों को साबित कर दिया। इस प्रदर्शन के बाद अब ये तय हो चुका है कि ये युवा खिलाड़ी भविष्य में और ज्यादा कमाल दिखा सकती है।
फाइनल का स्कोर
पुरुष सिंगल्स : आयुष शेट्टी ने ब्रायन यांग (कनाडा) [3] को 21-18, 21-13 से हराया.
महिला सिंगल्स : तन्वी शर्मा को बेवेन झांग (अमेरिका) [1] ने 11-21, 21-16, 10-21 से हराया.