ईरान की राजधानी तेहरान से एक बड़ी सैन्य कार्रवाई की खबर सामने आई है. ईरान के सरकारी मीडिया आउटलेट ‘नूरन्यूज’ के अनुसार, अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए हमलों में पूर्व विदेश मंत्री कमल खराजी के आवास को निशाना बनाया गया है. इस हमले में खराजी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उनकी पत्नी की इस हमले में मृत्यु हो गई है.
कमल खराजी ईरान की राजनीति का एक बड़ा चेहरा रहे हैं. उन्होंने 1997 से 2005 तक ईरान के विदेश मंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं. इसके बाद, उन्होंने पूर्व सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के सलाहकार के रूप में भी कार्य किया.
28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध की शुरुआत हुई थी, जिसमें पहले ही दिन अली खामेनेई की मृत्यु हो गई थी. उनके बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को नया सर्वोच्च नेता बनाया गया है. कमल खराजी वर्तमान में सर्वोच्च नेता के कार्यालय में विदेश नीति सलाहकार के रूप में कार्यरत थे. बुधवार को हुए इस हमले ने दोनों पक्षों के बीच चल रहे युद्ध को और अधिक हिंसक मोड़ दे दिया है.