प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यक्रम परीक्षा पे चर्चा 2026 के तहत छात्रों से संवाद किया। इस अवसर पर MyGov.in ने मंगलवार को कार्यक्रम का 1.57 मिनट का एक छोटा वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया। MyGov.in के अनुसार, प्रधानमंत्री ने दिल्ली, कोयंबटूर (तमिलनाडु), रायपुर (छत्तीसगढ़), देव मोगरा (गुजरात) और गुवाहाटी (असम) में छात्रों से सीधे बातचीत की। पोस्ट में यह भी बताया गया कि परीक्षा पे चर्चा 2026 में शामिल होने के लिए 4.5 करोड़ प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया, जबकि 2.26 करोड़ लोगों ने इससे जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लिया।
साझा किए गए वीडियो में प्रधानमंत्री छात्रों से मुलाकात करते, उनसे बातचीत करते और प्रश्नों के उत्तर देते हुए दिखाई देते हैं। वीडियो में हंसी-मजाक के साथ-साथ गंभीर विषयों पर चर्चा के दृश्य भी शामिल हैं। एक छात्रा ने वीडियो में यह कहा कि उसने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उसकी प्रधानमंत्री से मुलाकात होगी। संवाद के दौरान छात्रों ने प्रधानमंत्री से मोटिवेशन, अनुशासन, आत्मविश्वास, परीक्षा के दबाव और अपने सपनों को लेकर प्रश्न पूछे।
प्रधानमंत्री ने परीक्षा की तैयारी से जुड़े सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के लिए लिखने की आदत बहुत महत्वपूर्ण होती है और यह मानकर चलना चाहिए कि जो कुछ पढ़ा गया है, वह दिमाग में कहीं न कहीं संग्रहीत रहता है। उन्होंने यह भी कहा कि हर व्यक्ति को हर विषय नहीं आता, लेकिन यह निश्चित है कि हर छात्र को कुछ न कुछ अवश्य आता है, इसलिए आत्मविश्वास बनाए रखना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान एक छात्रा ने प्रधानमंत्री को एक गीत भी सुनाया, जिसके बोल थे “सारी दुनिया तेरे पीछे, मुश्किलों से लड़ता चल, बढ़ता चल, तू बढ़ता चल।”
इसके अलावा जानकारी दी गई कि परीक्षा पे चर्चा का 8वां संस्करण इससे पहले 10 फरवरी 2025 को प्रसारित किया गया था। वह आयोजन नई दिल्ली के सुंदर नर्सरी में एक नए और इनोवेटिव फॉर्मेट में किया गया था। उस संस्करण में देश के हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश से 36 छात्र शामिल हुए थे। ये छात्र सरकारी स्कूलों, केंद्रीय विद्यालयों, सैनिक स्कूलों, एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूलों, CBSE स्कूलों और नवोदय विद्यालयों से थे। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को परीक्षा से जुड़े तनाव, तैयारी और भविष्य की दिशा को लेकर मार्गदर्शन देना रहा है।