तेलंगाना : हैदराबाद से सामने आई एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे तेलंगाना को चौंका दिया है। यहां एक नई-नवेली दुल्हन ने अपने शादीशुदा प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम तक पहुंचाया। यह मामला एकतरफा प्यार, छल, लालच और सुनियोजित हत्या की बेहद खौफनाक कहानी बन गया है।
तेलंगाना के जोगुलम्बा गडवाल ज़िले के रहने वाले लैंड सर्वेयर गुंटा तेजेश्वर की शादी ऐश्वर्या नाम की युवती से हुई थी। शादी के एक हफ्ते के भीतर ही उनके रिश्तों में दरार आने लगी। ऐश्वर्या घंटों किसी अनजान शख्स से मोबाइल पर बातें करती थी, जिससे तेजेश्वर काफी परेशान रहने लगा था।
जांच में पता चला कि वह व्यक्ति वी. तिरुमल राव था, जो कुरनूल में ‘कैन फिन होम्स लिमिटेड’ का मैनेजर है और पहले से शादीशुदा है। तिरुमल और ऐश्वर्या का अफेयर इतना गहरा था कि दोनों ने मिलकर तेजेश्वर को रास्ते से हटाने की खौफनाक योजना बना डाली।
ऐश्वर्या ने तेजेश्वर की हर गतिविधि पर नज़र रखने के लिए उसकी बाइक में जीपीएस डिवाइस लगवाया। उसने अपने प्रेमी और हत्यारों के साथ मिलकर हर मूवमेंट की जानकारी साझा की। हत्यारों को सुपारी देने से पहले ऐश्वर्या ने उन्हें एक रियल एस्टेट एजेंट बनकर तेजेश्वर से दोस्ती करने का टास्क भी दिया।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए 10 अलग-अलग मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया, लेकिन आखिरकार पुलिस की पैनी नज़र से कुछ भी छिप नहीं पाया।
प्लान के अनुसार, 17 जून को तीन सुपारी किलर्स—नागेश, परशुरामडु और राजू—ने तेजेश्वर को रियल एस्टेट का झांसा देकर कुरनूल बुलाया। वहां कार में बैठते ही उसका गला रेतकर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को नंड्याल के पास एक नहर में फेंक दिया गया और तेजेश्वर का मोबाइल फोन कृष्णा नदी में बहा दिया गया।
जब 17 जून से तेजेश्वर का फोन बंद हो गया, तो उसके भाई ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। जांच के दौरान शक की सुई ऐश्वर्या पर घूमने लगी और पुलिस ने उसका फोन सर्विलांस पर रख दिया।
20 जून को कुरनूल पुलिस को एक सड़ा-गला शव मिला। डीएनए जांच और अन्य साक्ष्यों से स्पष्ट हुआ कि यह तेजेश्वर का ही शव था। इसके बाद जैसे-जैसे पुलिस ने पूछताछ की, राज़ परत दर परत खुलते चले गए।
एसपी टी. श्रीनिवास राव के अनुसार, इस हत्याकांड में ऐश्वर्या की मां सुजाता, प्रेमी तिरुमल राव, तीन सुपारी किलर्स, तिरुमल का पिता तिरुपतैया और अन्य को गिरफ्तार किया गया है। कुल मिलाकर अब तक 8 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
इस मामले में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई। तिरुमल राव, जो पहले से शादीशुदा था, पहले ऐश्वर्या की मां सुजाता के संपर्क में आया। सुजाता उसी बैंक में सफाईकर्मी थी, जहां तिरुमल मैनेजर था। बाद में उसकी नज़र ऐश्वर्या पर पड़ी और उसने मां-बेटी दोनों से संबंध बनाए।
जब ऐश्वर्या ने तिरुमल से गहरा रिश्ता बना लिया, तो वह उसकी दूसरी बीवी बनने और बच्चे पैदा करने के लिए भी तैयार हो गई। मगर जब तिरुमल ने अपनी पहली पत्नी को ऐश्वर्या के बारे में बताया, तो पत्नी ने उसे स्वीकार नहीं किया। इसके बाद तिरुमल ने अपनी पत्नी की हत्या की भी योजना बनाई, लेकिन उससे पहले ही ऐश्वर्या की शादी तेजेश्वर से तय कर दी गई।
फरवरी में ऐश्वर्या की शादी तय हुई थी, लेकिन वह अचानक लापता हो गई। कुछ समय बाद वह वापस आई और शादी के लिए राजी हो गई। यह सब उसने एक सुनियोजित साजिश के तहत किया ताकि शादी के बाद तेजेश्वर की हत्या कर संपत्ति पर कब्जा कर सके और अपने प्रेमी के साथ जीवन बिता सके।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या के बाद ऐश्वर्या और तिरुमल राव लद्दाख या अंडमान में जाकर नया जीवन शुरू करना चाहते थे। लेकिन तेजेश्वर का शव मिलने के बाद उनकी यह योजना धरी की धरी रह गई।
एसपी टी. श्रीनिवास राव ने कहा कि यह मामला एक जटिल लेकिन जल्दी सुलझा लिया गया केस है, जिसमें प्यार, धोखा और लालच की घातक साजिश रची गई थी। ऐश्वर्या ने राजा रघुवंशी-سونम हत्याकांड से प्रेरणा ली और खुद को मासूम साबित करने की पूरी कोशिश की, लेकिन आखिरकार कानून के शिकंजे से बच नहीं सकी।
पुलिस अब सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और सबूतों को पुख्ता कर चार्जशीट तैयार कर रही है। यह मामला आने वाले समय में तेलंगाना के सबसे चर्चित अपराधों में से एक बन सकता है, जिसने यह दिखा दिया कि प्यार के नाम पर कैसे इंसान दरिंदगी की हदें पार कर सकता है।