टॉम हॉलैंड ने दिया बड़ा हिंट ! ज़ेंडाया संग सीक्रेट वेडिंग की खबरों को मिली हवा

Vin News Network
Vin News Network
3 Min Read
टॉम हॉलैंड के एक बयान के बाद ज़ेंडाया संग उनकी शादी की खबरों ने फिर जोर पकड़ लिया है।

हॉलीवुड के सबसे चर्चित और पसंदीदा कपल्स में शुमार टॉम हॉलैंड और ज़ेंडाया को लेकर लंबे समय से शादी की अटकलें लगाई जा रही थीं। अब ऐसा लगता है कि इन अफवाहों पर खुद टॉम हॉलैंड ने विराम लगा दिया है। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में अभिनेता ने ऐसा बयान दिया, जिसे फैंस उनकी शादी की आधिकारिक पुष्टि मान रहे हैं।

दरअसल, टॉम हॉलैंड ने एक इंटरव्यू में उन वायरल एआई-जनरेटेड तस्वीरों पर बात की, जिनमें कथित तौर पर इटली के लेक कोमो में उनकी और ज़ेंडाया की शादी दिखाई गई थी। अभिनेता ने बताया कि उनकी दादी ने ये तस्वीरें देखीं और मजाक में पूछा कि क्या उन्हें शादी में बुलाया नहीं गया था।

जब इंटरव्यू के दौरान टॉम से पूछा गया कि क्या उनके परिवार या दोस्तों में से कोई इन तस्वीरों से भ्रमित हुआ था, तो उन्होंने जवाब दिया, “नहीं, क्योंकि वे सभी वहां मौजूद थे।” टॉम का यह बयान सामने आते ही सोशल मीडिया पर हलचल मच गई और फैंस ने इसे उनकी शादी की पुष्टि के तौर पर देखना शुरू कर दिया।

हालांकि, अभिनेता ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि वह अपनी निजी जिंदगी को निजी ही रखना चाहते हैं। शादी से जुड़ी अधिक जानकारी साझा करने के सवाल पर उन्होंने कहा, “आपको इससे ज्यादा कुछ नहीं मिलेगा।” उनके इस बयान ने फैंस की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।

गौरतलब है कि टॉम हॉलैंड और ज़ेंडाया की गुपचुप शादी की चर्चाएं पहली बार तब तेज हुई थीं, जब ज़ेंडाया के लंबे समय से स्टाइलिस्ट रहे लॉ रोच ने एक रेड कार्पेट इवेंट के दौरान संकेत दिया था कि दोनों शादी कर चुके हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था, “शादी तो हो चुकी है, आप लोग मिस कर गए।”

टॉम और ज़ेंडाया की प्रेम कहानी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। दोनों की मुलाकात ‘स्पाइडर-मैन’ फ्रेंचाइजी के सेट पर हुई थी और धीरे-धीरे उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। पिछले कुछ वर्षों में यह जोड़ी हॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय जोड़ियों में शामिल हो चुकी है।

इंटरव्यू में टॉम हॉलैंड ने ज़ेंडाया के साथ अपने रिश्ते को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि मनोरंजन जगत का जीवन काफी तनावपूर्ण हो सकता है, लेकिन ऐसे समय में एक मजबूत रिश्ता सबसे बड़ा सहारा बनता है। अभिनेता ने कहा कि ज़ेंडाया उनकी सबसे अच्छी दोस्त हैं और उनके साथ वह खुद को सबसे ज्यादा सुरक्षित और खुश महसूस करते हैं।

टॉम ने आगे कहा कि उनके जीवन में ज़ेंडाया जैसा साथी होना किसी सौभाग्य से कम नहीं है, क्योंकि दोनों एक-दूसरे की दुनिया और संघर्षों को बेहतर तरीके से समझते हैं। अब फैंस को उम्मीद है कि यह कपल जल्द ही अपनी शादी से जुड़ी और खुशखबरी साझा करेगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *