नई दिल्ली। धरती पर ऐसे कई जीव पाए जाते हैं, जिनकी बनावट और जीवन प्रणाली विज्ञान को हैरान कर देती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक ऐसा कीड़ा भी है, जो सिर कट जाने के बाद भी कई दिनों तक ज़िंदा रह सकता है? जी हां, हम बात कर रहे हैं कॉकरोच (Cockroach) की। यह सुनने में भले ही अजीब लगे, लेकिन यह वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित तथ्य है।
विशेषज्ञों के अनुसार, यदि कॉकरोच का सिर काट दिया जाए, तो भी वह कुछ दिनों तक जीवित रह सकता है। यह कोई चमत्कार नहीं, बल्कि इसके पीछे की साइंस इसकी शारीरिक बनावट से जुड़ी है।
कैसे जिंदा रहता है सिर कटने के बाद?
कॉकरोच के शरीर में खून को पंप करने के लिए हार्ट नहीं होता जैसा कि इंसानों में होता है। उनका रक्तचाप भी बहुत कम होता है। जब उनका सिर काटा जाता है, तो उनका शरीर खून बहाकर तुरंत नहीं मरता। इसके अलावा, कॉकरोच सांस लेने के लिए मुंह या नाक पर निर्भर नहीं रहते, बल्कि वे अपने शरीर के किनारों पर मौजूद स्पाइरैकल्स (spiracles) नामक छोटे छिद्रों से हवा को अंदर-बाहर करते हैं।
इस प्रक्रिया की वजह से कॉकरोच को जीवित रहने के लिए सिर की आवश्यकता नहीं होती। हालांकि, वह खाना नहीं खा सकता, और इसी कारण कुछ दिनों बाद भूख से उसकी मौत हो जाती है।
वैज्ञानिकों की क्या है राय?
कीट विज्ञानियों का मानना है कि कॉकरोच का नर्वस सिस्टम इतना साधारण होता है कि उसके मस्तिष्क के बिना भी उसका शरीर कई कार्य करने में सक्षम होता है। यही वजह है कि सिर कटने के बाद भी उसका शरीर कुछ दिनों तक प्रतिक्रिया देता है और चलता-फिरता नजर आ सकता है।