धर्मांतरण के आरोपी छांगुर बाबा की कोठी ध्वस्त, CM योगी बोले- कानून व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतेंगे

UP ATS ने धर्मांतरण गैंग के सरगना जमालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा और उसकी महिला मित्र नसरीन को लखनऊ से गिरफ्तार किया।

Vin News Network
Vin News Network
8 Min Read
धर्मांतरण के आरोपी छांगुर बाबा की कोठी ध्वस्त, CM योगी बोले- कानून व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतेंगे

बलरामपुर: उत्तर प्रदेश प्रशासन ने पुलिस की मौजूदगी में धर्मांतरण गिरोह के कथित सरगना छांगुर बाबा की संपत्तियों पर कार्रवाई की। उसे उत्तर प्रदेश ATS ने गिरफ्तार किया था। बलरामपुर जिलाधिकारी पवन अग्रवाल ने कहा, अवैध अतिक्रमण करने वाले माफिया प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ कार्रवाई सरकार की प्राथमिकता है। उसी क्रम में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करके अवैध कब्ज़े को हटाया जा रहा है।

अतिरिक्त SP बलरामपुर विशाल पांडे ने बताया, जलाउद्दीन उर्फ छांगुर के विरुद्ध एक मुकदमा पंजीकृत किया गया है, जिसमें वो गिरफ्तार होकर जेल गया है। इसके द्वारा अवैध रूप से अर्जित संपत्ति द्वारा सरकारी जमीन पर ईमारत बनाई गई थी… कई बार नोटिस देने के बावजूद जब उसने जमीन को खाली नहीं किया गया तब इस अवैध निर्माण को ध्वस्त किया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस प्रशासन के सभी लोग मौजूद हैं। जहां पर भी अवैध रूप से निर्माण किया गया है उसे ध्वस्त किया जाएगा… पर्याप्त पुलिस बल लगाया गया है और शांति व्यवस्था बनी हुई है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, हमारी सरकार बहन-बेटियों की गरिमा और सुरक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी जलालउद्दीन की गतिविधियां समाज विरोधी ही नहीं, बल्कि राष्ट्र विरोधी भी हैं।

उत्तर प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतेगी। आरोपी और उसके गिरोह से जुड़े सभी अपराधियों की संपत्तियां जब्त की जाएंगी और उन पर सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

राज्य में शांति, सौहार्द और महिलाओं की सुरक्षा को भंग करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्हें कानून के अनुसार ऐसी सजा दी जाएगी, जो समाज के लिए एक उदाहरण बने।

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री अनिल राजभर ने कहा, जलालुद्दीन उर्फ ​​छांगुर बाबा ने लोगों का धर्मांतरण करके अकूत संपत्ति अर्जित की। अवैध तरीकों से संपत्ति अर्जित करना और उन्हें दूसरे धर्म में परिवर्तित करके बेटियों और बहनों का जीवन बर्बाद करना राष्ट्रद्रोह का कार्य है। अगर कोई इस तरह से संपत्ति अर्जित करता है, तो बुलडोजर चलेगा… अभी 18 लोगों के नाम सामने आए हैं, एक पूर्व मंत्री का नाम भी आया है… सरकार ने पहले भी कहा था कि कार्रवाई होगी, और कार्रवाई हो रही है।

बता दें कि UP ATS ने धर्मांतरण गैंग के सरगना जमालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा और उसकी महिला मित्र नसरीन को लखनऊ से गिरफ्तार किया। दोनों विकास नगर के स्टार रूम्स होटल में 70 दिन से पति-पत्नी की तरह रहते थे। यहीं से हिंदुओं का धर्मांतरण और लव जिहाद करवाते थे। बाबा ने नसरीन, उसके पति और बच्चे का भी धर्मांतरण कराया था। नसरीन अब अपना नाम नीतू बताकर उसके साथ रह रही थी।

छांगुर बाबा के बैंक अकाउंट से करीब 100 करोड़ रुपए का ट्रांजैक्शन हुआ है। इसमें से 14 करोड़ रुपए फॉरेन फंडिंग से आए हैं। छांगुर के पास ‘शिजर-ए-तैय्यबा’ किताब मिली है। जिसके जरिए लव जिहाद के लिए मुस्लिम युवकों और हिंदू युवतियों को प्रेरित करता था। इस पुस्तक को उसने खुद छपवाया था। फिलहाल पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

ATS को छांगुर और नीतू उर्फ नसरीन के 14 बैंक खातों का पता चला है। जांच में सामने आया है कि इन खातों में देश और विदेश से 100 करोड़ रुपए से ज्यादा का लेनदेन हुआ है। जांच एजेंसी लेनदेन करने वालों की डिटेल खंगाल रही है।

एटीएस की जांच में पता चला है कि छांगुर बाबा ने ‘शिजर-ए-तैय्यबा’ नामक पुस्तक प्रकाशित करवाई थी। जिसे धर्म प्रचार के नाम पर इस्तेमाल करता था। इसी पुस्तक के द्वारा लव जिहाद के लिए मुस्लिम युवकों और हिंदू युवतियों को प्रेरित करता था। इस पुस्तक से कई युवक और युवतियों का ब्रेनवॉश हुआ है।

छांगुर बाबा ने हिंदू लड़कियों के धर्मांतरण का रेट तय कर रखा था। ब्राह्मण/क्षत्रिय/सिख लड़कियों के लिए 15-16 लाख रुपए, पिछड़ी जाति के लिए 10-12 लाख रुपए, अन्य जातियों के लिए 8-10 लाख रुपए फिक्स था। धर्मांतरण से मना करने पर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी भी देता था।

एटीएस की जांच में आया है कि छांगुर बाबा फर्जी ट्रस्टों और फर्मों के जरिए गैंग चलाता था। इसके लिए उसने फर्जी ट्रस्ट और फर्म बनाए थे। इनके नाम से बैंक खाते खुलवाए थे। कई वोस्ट्रो अकाउंट्स (विदेशी बैंकिंग सिस्टम) भी खुलवाए थे। इनमें फंडिंग और मनी ट्रांसफर किया जाता था। एसटीएफ और एटीएस को अभी तक इन विदेशी खातों की पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है।

एटीएस की जांच में आया है कि नसरीन सिंधी थी। उसका असली नाम नीतू नवीन रोहरा है। उसके पति का नाम नवीन रोहरा है। नसरीन और नवीन की बेटी का भी धर्मांतरण हुआ है। ये तीनों बलरामपुर में छांगुर बाबा के यहां ही रहते थे।

एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने बताया कि छांगुर बाबा और गैंग के सदस्य 40 से अधिक बार इस्लामिक देशों की यात्रा कर चुके हैं। बलरामपुर के मधपुर गांव में करोड़ों का बंगला, शोरूम और लग्जरी गाड़ियां खरीदीं हैं। गैंग ने विदेश से आए फंड्स से संपत्ति बनाई है। गैंग के महबूब, पिंकी हरिजन, कथित पत्रकार एमेन रिजवी, हाजिरा शंकर जैसे लोग शामिल हैं।

अब तक गैंग के मास्टरमाइंड छांगुर बाबा समेत 4 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। कई संदिग्ध अभी भी फरार हैं। एटीएस ने उनकी तलाश में छापेमारी तेज कर दी है। मामले में अवैध धर्मांतरण के साथ-साथ मनी लॉन्ड्रिंग और विदेशी फंडिंग की भी गहन जांच की जा रही है।

यूपी एटीएस ने बलरामपुर के रेहरा माफी निवासी जलालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा और उसके बेटे महबूब समेत 10 लोगों पर नवंबर 2024 में एफआईआर दर्ज की थी। एफआईआर में नवीन रोहरा उर्फ जमालुद्दीन भी नामजद है। जिसे छांगुर बाबा ने पत्नी नीतू नवीन रोहरा उर्फ नसरीन समेत इस्लाम धर्म स्वीकार कराया था।

एफआईआर दर्ज होने के बाद एटीएस ने 8 अप्रैल को दो आरोपियों नवीन उर्फ जमालुद्दीन और छांगुर बाबा के बेटा महबूब को गिरफ्तार किया था। इन गिरफ्तारियों के बाद से ही छांगुर बाबा और नवीन रोहरा की पत्नी नीतू उर्फ नसरीन अंडरग्राउंड हो गई थी। यूपी एटीएस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही थी।

छांगुर बाबा की गिरफ्तारी के लिए कोर्ट ने गैर-जमानती वारंट जारी किया था। उस पर 50 हजार रुपए का इनाम भी रखा था। छांगुर बाबा और नसरीन को ATS ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। एटीएस अफसरों जमालुद्दीन खुद को हाजी पीर जलालुद्दीन बताता था। लड़कियों को बहला-फुसलाकर उनका धर्मांतरण करवाता था। उसके टारगेट पर हिंदू लड़कियां होती थीं। हर जाति की लड़कियों का रेट फिक्स कर रखा था।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *