नीलोखेड़ी : चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत विस्तार शिक्षा संस्थान नीलोखेड़ी में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी को मजबूत करना विषय पर चल रहे चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हो गया। समारोह की अध्यक्षता संस्थान के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. संजय कुमार ने की।
उन्होंने कहा कि महिलाएं कृषि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं तथा खाद्य उत्पादन, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और टिकाऊ कृषि पद्धतियों में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढाने के प्रयास करना समय की मांग है।
इससे देश में कृषि उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिलेगी। डॉ. संजय ने प्रतिभागियों से आह्वान किया कि हमें कृषि क्षेत्र में महिलाओं की प्रतिभागिता बढ़ाने हेतु सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पहुंचाना चाहिए, ताकि महिलाएं इन योजनाओं का लाभ ले सकें।
डॉ. कुमार ने कहा कि महिलाएं विभिन्न तरह के हरे पत्तों सकी सब्जी जैसे की पुदीना, मेथी और पालक इत्यादि को सुखाकर बेचने पर अपनी आय में वृद्धि कर सकती हैं। इस अवसर पर डा. सत्यकाम मलिक, डॉ. भरत सिंह घनघस, डॉ. जसविंद्र कौर, डॉ. अनिल कुमार रोहिला, डॉ. अजय कुमार आदि मौजूद रहे।