उन्नाव : उत्तर प्रदेश के उन्नाव में नगर पालिका परिषद उन्नाव अब मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत शहर के विकास को नई गति देने जा रही है। नगर विकास विभाग द्वारा नगर पालिका को इस महत्वाकांक्षी योजना में शामिल किए जाने के बाद शहर के लिए 20 करोड़ 58 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार की गई है। डीएम गौरांग राठी की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रस्तावों को मंजूरी देकर शासन को डीपीआर भेज दी गई है।
नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता मिश्रा ने बताया कि नगर के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से योजनाएं तैयार की गई हैं। नगर के अलग-अलग क्षेत्रों में पार्क, सुविधा केंद्र, स्मार्ट क्लास, वेंडिंग हब और सड़कों के निर्माण जैसे कार्यों को शामिल किया गया है।
बैठक में वार्ड स्तर पर विकास कार्यों की पहचान की गई और उनकी प्राथमिकता तय की गई। नागरिक सुविधा केंद्रों से लोगों को एक ही स्थान पर कई सेवाएं मिलने की उम्मीद है, जबकि स्मार्ट क्लास से सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को डिजिटल शिक्षा का लाभ मिलेगा।
यह होंगे प्रमुख कार्य
तहसील मोड़, वार्ड 25 में मनोरंजन पार्क – ₹4.75 करोड़
नगर पालिका परिसर में नागरिक सुविधा केंद्र – ₹3.50 करोड़
पांच परिषदीय स्कूलों में स्मार्ट क्लास और अन्य सुधार – ₹90 लाख
पांच वार्डों में निर्मल व चिल्ड्रन पार्क – ₹2 करोड़
कब्बाखेड़ा तिराहा पर स्ट्रीट फूड वेंडिंग हब – ₹1.95 करोड़
गदनखेड़ा में ‘उन्नाव सिटी सेंटर’ का निर्माण – ₹5 करोड़
सिंगरोसी में बहुउद्देशीय भवन – ₹1 करोड़
लोधनहार, एबी नगर और पूरन नगर में सड़क निर्माण – ₹1.49 करोड़