वेलकम हत्याकांड: दिल्ली के पूर्वी इलाके वेलकम में हुए सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे शहर को हिला कर रख दिया है। मौजपुर स्थित एक कैफे के अंदर 24 वर्षीय युवक फैजान की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मामले में चौंकाने वाला मोड़ तब आया, जब मुख्य आरोपी मोईन कुरैशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर हत्या की जिम्मेदारी खुद लेते हुए कबूलनामा सामने रखा।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना वेलकम थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ‘मिस्टर किंग लॉन्ज एंड कैफे’ में हुई। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने फैजान पर बेहद करीब से तीन राउंड फायरिंग की। एक गोली उसके सिर को चीरते हुए आर-पार निकल गई, जबकि दो गोलियां उसके सीने में लगीं। इसके अलावा उसके हाथों पर भी गंभीर चोट के निशान पाए गए। परिजनों का दावा है कि गोली मारने के बाद फैजान पर चाकू से भी हमला किया गया था, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।
घटना के तुरंत बाद घायल फैजान को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान फैजान उर्फ फज्जी के रूप में हुई है, जो वेलकम इलाके का ही रहने वाला था। उसकी उम्र मात्र 24 साल थी। कैफे में फायरिंग की खबर फैलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।
इस हत्याकांड में सबसे बड़ा खुलासा आरोपी मोईन कुरैशी के इंस्टाग्राम वीडियो से हुआ। वीडियो में मोईन साफ शब्दों में यह कहते हुए नजर आया कि उसने फैजान की हत्या किसी कर्ज के विवाद में नहीं बल्कि पुरानी आपसी रंजिश के चलते की है। उसने यह भी दावा किया कि इस पूरे मामले में उसके पिता का कोई हाथ नहीं है, जबकि मृतक के भाई लगातार उन पर आरोप लगा रहे हैं।
मोईन ने वीडियो में कहा कि उसे सूचना मिली थी कि फैजान उस वक्त कैफे में मौजूद है, जिसके बाद वह वहां पहुंचा। उसने यह भी दोहराया कि पैसों का कोई लेन-देन इस हत्या की वजह नहीं था। सोशल मीडिया पर सामने आए इस कबूलनामे के बाद पुलिस की जांच को एक नई दिशा मिली है। हालांकि पुलिस अभी इस वीडियो की सत्यता और इसके कानूनी पहलुओं की भी जांच कर रही है।
वहीं दूसरी ओर, मृतक फैजान के भाई ने हत्या की वजह को लेकर बिल्कुल अलग कहानी बताई है। उसके अनुसार, फैजान ने कुछ समय पहले एक व्यक्ति से कर्ज लिया था, जिसे वह समय पर चुका नहीं पाया। इसी बात को लेकर कर्ज देने वाले और उसके बेटे ने फैजान के साथ मारपीट की थी। इस हमले के बाद फैजान ने भजनपुरा थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी।
फैजान के भाई का आरोप है कि कर्ज देने वाले व्यक्ति और उसके बेटे ने ही इस हत्याकांड की साजिश रची और उसके भाई की गोली मारकर हत्या करवा दी। उसने यह भी कहा कि परिवार को पहले से खतरे का अंदेशा था, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। अब परिवार न्याय की मांग कर रहा है और दोषियों को सख्त सजा दिलाने की अपील कर रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही वेलकम थाना पुलिस के साथ-साथ फॉरेंसिक टीम और क्राइम ब्रांच की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से खाली कारतूस और अन्य अहम सबूत बरामद किए हैं। इसके अलावा कैफे में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की सटीक पहचान की जा सके और वारदात के पूरे क्रम को समझा जा सके।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। इस केस में पुलिस स्टेशन वेलकम में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि अपराध में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
अधिकारियों ने साफ किया है कि इस हत्याकांड में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन्हें किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पूर्वी दिल्ली में इस वारदात के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है और इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है।