18वें यूपी महोत्सव का भव्य शुभारंभ, सुंदरकांड पाठ व संगीतमय कार्यक्रमों ने बांधा समां

Vin News Network
Vin News Network
3 Min Read
लखनऊ में 18वें यूपी महोत्सव का भव्य शुभारंभ, सुंदरकांड पाठ और संगीतमय प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया

लखनऊ : प्रगति इवेंट के तत्वावधान में आयोजित 18वें यूपी महोत्सव का शुभारंभ द ग्रीन प्लैनेट लॉन, निकट शुक्ला चौराहा, नहर रोड, जानकीपुरम विस्तार में शुभ मंगलवार को भगवान राम के अनन्य भक्त हनुमान जी की प्रेरणा से श्री सुंदरकांड पाठ के साथ विधि-विधानपूर्वक हुआ। सुंदरकांड पाठ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया।

कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह एवं उपाध्यक्ष एन.बी. सिंह मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित रहे। आरती एवं प्रसाद वितरण के पश्चात उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा द्वारा दीप प्रज्वलन कर यूपी महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर पार्षद प्रतिनिधि सौरभ तिवारी, राकेश पांडे, अर्जुन यादव, प्रिया पाल, सरताज, अबरार, हर्ष श्रीवास्तव, राकेश गुप्ता सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि डॉ. नीरज बोरा ने यूपी महोत्सव की सराहना करते हुए अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह को बधाई दी। उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा स्वरोजगार, पर्यावरण संरक्षण एवं एक जनपद–एक उत्पाद योजना को बढ़ावा देने का कार्य अत्यंत सराहनीय है। उत्तर प्रदेश का वनों के विकास में देश में अग्रणी होना ऐसी ही संस्थाओं के योगदान का परिणाम है।

इस अवसर पर अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि को तुलसी का पौधा, श्रीमद्भगवद्गीता एवं शाल भेंट कर सम्मानित किया और कहा कि यूपी महोत्सव में डॉ. बोरा की उपस्थिति सदैव उत्साहवर्धक रही है। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रांत संगठन मंत्री विजय प्रताप सिंह, विश्व हिंदू परिषद अवध प्रांत से अखिलेश दीक्षित, सचिन सिंह, शिवजीत गिरी, मातृशक्ति सेवा समिति की अध्यक्ष पिंकी शुक्ला, सचिव अनीता तिवारी सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

“एक शाम सुरों के नाम” ने बिखेरा संगीत का जादू : आरोही इंटरटेनमेंट के तत्वावधान में 13 जनवरी को आयोजित संगीतमय कार्यक्रम “एक शाम सुरों के नाम” ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के आयोजक एवं मुख्य गायक संजय श्रीवास्तव ने अपनी सशक्त और भावपूर्ण गायकी से श्रोताओं का दिल जीत लिया। भक्ति गीतों से शुरू होकर यह संगीतमय संध्या फिल्मी, रोमांटिक एवं डांस नंबर्स की यादगार यात्रा बन गई।

संजय श्रीवास्तव के साथ दिव्य प्रकाश, शेखर यादव, समीर, उदित नारायण, कोमल, मंजू माही, प्रिया सहित अन्य कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियाँ दीं। युगल गीतों और सामूहिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को सुरों से सराबोर कर दिया। समापन गीत “जब कोई बात बिगड़ जाए” के साथ कार्यक्रम तालियों की गूंज के बीच संपन्न हुआ। सभी कलाकारों को उपाध्यक्ष एन.बी. सिंह द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन अरविंद सक्सेना एवं अथर्व तिवारी ने किया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *