NEET री-एग्जाम से पहले छात्र ने दी जान, सुसाइड नोट मिला

Vin News Network
Vin News Network
2 Min Read
NEET अभ्यर्थी की मौत ने बढ़ाई चिंता

राजस्थान के सीकर से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। NEET री-एग्जाम से महज पांच दिन पहले 22 वर्षीय छात्र उमेश माली ने आत्महत्या कर ली। छात्र का शव उसके फ्लैट में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें छात्र ने लिखा, “मैं बहुत दूर जा रहा हूं, सॉरी।”

जानकारी के अनुसार, उमेश माली झुंझुनू जिले के नवलगढ़ क्षेत्र के कारी गांव का रहने वाला था और सीकर में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET की तैयारी कर रहा था। वह अपनी मां, बड़ी बहन और छोटे भाई के साथ एक निजी रेजिडेंसी में रहता था। 21 जून को होने वाले NEET री-एग्जाम में वह तीसरी बार शामिल होने वाला था।

पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन उमेश अपनी मां को गांव छोड़ने गया था। इसके बाद वह वापस फ्लैट लौटा। दोपहर में जब उसकी बहन और छोटा भाई कोचिंग से लौटे तो उन्होंने उमेश को कमरे में फंदे से लटका पाया। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

उद्योग नगर थाना पुलिस को कमरे की तलाशी के दौरान एक सुसाइड नोट मिला। नोट में छात्र ने केवल इतना लिखा था कि वह बहुत दूर जा रहा है और इसके लिए माफी चाहता है। हालांकि उसने आत्महत्या का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया।

उमेश के पिता मुंबई में टाइल्स ठेकेदारी का काम करते हैं। परिवार को इस घटना से गहरा सदमा पहुंचा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के पीछे की वजह जानने का प्रयास कर रही है। NEET पेपर लीक विवाद और उसके बाद आयोजित किए जा रहे री-एग्जाम के बीच यह घटना छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव को भी उजागर करती है। हालांकि इस मामले में अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि छात्र ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *