इस कार्यक्रम में टीम के खिलाड़ी, कोचिंग स्टाफ और मैनेजमेंट के सदस्य शामिल हुए। माहौल बेहद हल्का-फुल्का और उत्साह से भरा रहा। कप्तान हार्दिक पांड्या भी अपनी गर्लफ्रेंड के साथ पहुंचे, जबकि रोहित शर्मा अपनी बेटी के साथ नजर आए। खास बात यह रही कि कुछ चुनिंदा फैंस को भी इस कार्यक्रम में शामिल होने का मौका मिला, जिससे खिलाड़ियों और समर्थकों के बीच सीधा संवाद देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान रोहित शर्मा ने मंच से फैंस को संबोधित करते हुए कहा कि टीम इस बार हर हाल में छठी ट्रॉफी जीतने की पूरी कोशिश करेगी। मुंबई इंडियंस अब तक पाँच बार आईपीएल खिताब जीत चुकी है और रोहित की कप्तानी में ही टीम ने ये सफलताएँ हासिल की थीं। इसलिए उनके इस बयान ने फैंस के बीच नई उम्मीद जगा दी है।
हालाँकि पिछले कुछ सीजन टीम के लिए उतने सफल नहीं रहे। 2020 के बाद से मुंबई इंडियंस फाइनल तक भी नहीं पहुँच पाई है। पिछले दो वर्षों से टीम की कमान हार्दिक पांड्या के हाथों में है। 2024 में टीम अंक तालिका में सबसे नीचे रही थी, जबकि पिछले सीजन की शुरुआत भी खराब रही शुरुआती पाँच में से सिर्फ एक मैच जीत सकी थी। हालांकि बाद में टीम ने शानदार वापसी की और प्लेऑफ तक पहुँची, लेकिन फाइनल में जगह नहीं बना सकी।
इस बार टीम संतुलित और मजबूत नजर आ रही है। बल्लेबाज़ी क्रम इसकी सबसे बड़ी ताकत माना जा रहा है। रोहित शर्मा के अलावा सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, तिलक वर्मा, क्विंटन डी कॉक और रेयान रिकेल्टन जैसे आक्रामक बल्लेबाज़ टीम में मौजूद हैं। यह लाइन-अप किसी भी गेंदबाज़ी आक्रमण को चुनौती देने की क्षमता रखता है।
फैंस को उम्मीद है कि अनुभवी खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं के इस मिश्रण के साथ मुंबई इंडियंस एक बार फिर चैंपियन बनने की दौड़ में मजबूती से उतरेगी। रोहित का वादा और टीम का आत्मविश्वास यह संकेत देता है कि आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस को हल्के में लेना किसी भी विरोधी के लिए भारी पड़ सकता है।
अगर टीम अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखती है, तो छठी ट्रॉफी का सपना इस बार सच भी हो सकता है। अब सभी की निगाहें 29 मार्च को होने वाले पहले मुकाबले पर टिकी हैं।