संसद के मानसून सत्र से पहले पीएम मोदी का बड़ा संदेश, बोले- ‘ये संयोग नहीं, बल्कि एक मजबूत संदेश है’

Vin News Network
Vin News Network
3 Min Read
मानसून सत्र से पहले PM मोदी का बड़ा संदेश

संसद के मानसून सत्र की शुरुआत से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को संबोधित करते हुए कहा कि यह सत्र कई मायनों में ऐतिहासिक साबित हो सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जैसे अच्छा मानसून देश के लिए लाभदायक होता है, उसी तरह यदि संसद का मानसून सत्र भी सकारात्मक और सक्रिय रहेगा तो देश के विकास को नई गति मिलेगी। पीएम मोदी ने कहा कि “मानसून हो या मानसून सत्र, अगर दोनों प्रोएक्टिव हों तो देश का कल्याण निश्चित है।”

अंतरिक्ष से लेकर उद्योग तक भारत की उपलब्धियों का किया जिक्र

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले एक महीने में भारत ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं, जिन पर हर देशवासी को गर्व होना चाहिए। उन्होंने इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले वर्ष मानसून सत्र से पहले एक भारतीय नागरिक अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचा था और हाल ही में भारत के एक युवा स्टार्टअप ने अंतरिक्ष क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की है। पीएम ने इसे महज संयोग नहीं, बल्कि देश के युवाओं की असीम क्षमता और बढ़ती आकांक्षाओं का मजबूत संदेश बताया।

‘रीफॉर्म एक्सप्रेस’ से आगे बढ़ रहा भारत

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश आज सुधारों की रफ्तार के साथ आगे बढ़ रहा है और यही वजह है कि भारतीय युवा नए क्षेत्रों में साहसिक कदम उठा रहे हैं और सफलता भी हासिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत की विकास यात्रा अब नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रही है।

ऑयल रिफाइनरी, सेमीकंडक्टर और ग्रीन हाइड्रोजन ट्रेन का किया उल्लेख

पीएम मोदी ने हाल के दिनों में देश को मिली बड़ी परियोजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि राजस्थान में विशाल ऑयल रिफाइनरी राष्ट्र को समर्पित की गई है, देश का तीसरा सेमीकंडक्टर प्लांट शुरू हुआ है और ग्रीन हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन भी देश को समर्पित की गई है। उन्होंने कहा कि भारत की यह हाइड्रोजन ट्रेन दुनिया की सबसे शक्तिशाली इंजन वाली और सबसे लंबी ट्रेनों में शामिल है, जो देश की तकनीकी प्रगति का प्रतीक है।

मानसून सत्र में कई अहम विधेयकों पर रहेगी नजर

प्रधानमंत्री के संबोधन के साथ ही संसद के मानसून सत्र को लेकर राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। केंद्र सरकार इस सत्र में कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश करने की तैयारी में है। ऐसे में सरकार और विपक्ष के बीच महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा और बहस देखने को मिल सकती है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *