चंडीगढ़: पंजाब और हरियाणा की साझा राजधानी चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित पंजाब बीजेपी मुख्यालय के बाहर बुधवार, 1 अप्रैल 2026 को एक संदिग्ध धमाके से हड़कंप मच गया. यह घटना बीजेपी दफ्तर के ठीक बगल में स्थित ब्लड बैंक की बिल्डिंग के पास हुई, जहाँ खड़ी एक सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी में अचानक विस्फोट हो गया. धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग सहम गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.
एक्टिवा की हेडलाइट के पास हुआ ब्लास्ट
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, धमाका दफ्तर के बाहर पार्क की गई एक्टिवा स्कूटी के अगले हिस्से, यानी हेडलाइट के निचले भाग में हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस जांच में सामने आया है कि धमाके के बाद कुछ नुकीली चीजें (छर्रे जैसी वस्तुएं) तेजी से उछलीं और पास की दीवार से जा टकराईं. हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन स्कूटी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है.
मौके पर पहुँची फॉरेंसिक टीम और सुरक्षा घेरा
धमाके की सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मोर्चा संभाल लिया. सुरक्षा के लिहाज से पूरे घटनास्थल को ‘कॉर्डन ऑफ’ (घेराबंदी) कर दिया गया है ताकि सबूतों के साथ कोई छेड़छाड़ न हो सके. चंडीगढ़ स्थित सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (CFSL) की टीम भी तुरंत मौके पर पहुँच गई है और विस्फोट के नमूनों को इकट्ठा कर रही है.
आतंकी या शरारती तत्व? हर एंगल से जांच
पुलिस फिलहाल इस बात की जांच कर रही है कि यह धमाका किसी केमिकल रिएक्शन की वजह से हुआ या इसके पीछे कोई गहरी साजिश थी. चंडीगढ़ में बीजेपी पंजाब और बीजेपी चंडीगढ़ के दो अलग-अलग कार्यालय हैं, और यह घटना पंजाब बीजेपी के मुख्य कार्यालय के बाहर हुई है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां काफी अलर्ट हो गई हैं.
पुलिस कमिश्नरेट की ओर से अभी तक किसी विशिष्ट केमिकल या विस्फोटक के नाम की पुष्टि नहीं की गई है. जांच टीम आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह स्कूटी किसकी थी और इसे वहां कब खड़ा किया गया था. पंजाब विधानसभा चुनावों और देश के मौजूदा हालातों को देखते हुए पूरे चंडीगढ़ में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है.