सबरीमाला सोना चोरी मामले में जांच की रफ्तार तेज़ हो गई है। मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोत्ती को सबूत जुटाने के लिए बेंगलुरु ले जाया गया है जहां पुलिस उसकी हिरासत में आगे की पूछताछ करेगी। उसे 30 अक्टूबर तक पुलिस रिमांड पर रखा गया है। तो वहीं इस मामले में एक और अहम कार्रवाई के तहत त्रावणकोर देवस्वम बोर्ड यानि (टीडीबी) के पूर्व कार्यकारी अधिकारी मुरारी बाबू को रन्नी कोर्ट ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। उन्हें पूछताछ के बाद तिरुअनंतपुरम विशेष उप-जेल में स्थानांतरित किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, मुरारी बाबू को विशेष जांच दल (एसआईटी) ने गुरुवार देर रात उनके निवास से गिरफ्तार किया था। तिरुअनंतपुरम स्थित अपराध शाखा कार्यालय में लंबी पूछताछ के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां उनकी गिरफ्तारी औपचारिक रूप से दर्ज की गई।
इस बीच टीडीबी अध्यक्ष पी.एस. प्रसांत ने एसआईटी की जांच पर संतोष जताते हुए कहा कि बोर्ड को जांच टीम पर पूर्ण विश्वास है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खोया हुआ सोना जल्द बरामद होगा और दोषियों को सख्त सजा मिलेगी। प्रसांत ने यह भी स्पष्ट किया कि बोर्ड ने न तो पोत्ती और न ही बाबू को किसी तरह का लाभ पहुंचाने वाला कोई आदेश जारी किया है।