गुवाहाटी: सोमवार की शाम आईपीएल फैंस के लिए निराशा भरी खबर लेकर आई है। राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच होने वाले मुकाबले से ठीक पहले गुवाहाटी में तेज बारिश शुरू हो गई है। शाम 7:00 बजे होने वाले टॉस से महज 30 मिनट पहले मौसम ने करवट ली, जिसके चलते पूरे मैदान को कवर्स से ढंक दिया गया है।
मौसम विभाग की भविष्यवाणी ने पहले ही आगाह किया था, लेकिन अब धरातल पर हालात चिंताजनक हैं। रात 10:00 बजे तक 84% बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे खेल प्रेमियों के मन में यह सवाल उठने लगा है कि क्या आज एक भी गेंद फेंकी जा पाएगी?
रिजर्व डे का कोई प्रावधान नहीं
फैंस के लिए एक और बुरी खबर यह है कि आईपीएल के नियमों के मुताबिक, लीग स्टेज के मैचों के लिए कोई ‘रिजर्व डे’ नहीं रखा गया है। यदि बारिश के कारण मैच रद्द होता है, तो राजस्थान और चेन्नई दोनों टीमों को 1-1 अंक से संतोष करना पड़ेगा। अंपायरों की कोशिश रहेगी कि कम से कम 5-5 ओवरों का मैच कराया जा सके, लेकिन इसके लिए बारिश का रुकना अनिवार्य है।
धोनी और ब्रेविस के बिना उतरी चेन्नई
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के फैंस के लिए मैदान के बाहर से भी दो झटके लगे हैं। टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज एमएस धोनी चोट के कारण शुरुआती 6 मैचों से बाहर हैं। वहीं, ‘जूनियर एबी’ के नाम से मशहूर डेवाल्ड ब्रेविस भी शुरुआती मुकाबलों के लिए उपलब्ध नहीं हैं।