शादी-ब्याह के सीजन से पहले सोना और चांदी के दामों में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। बुधवार को 24 कैरेट सोने की कीमत लगभग ₹4,000 घटकर 1,20,400 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई जबकि चांदी के भाव में भी करीब ₹5,000 की कमी दर्ज हुई। इस बदलाव ने सर्राफा बाजार में नई ऊर्जा पैदा कर दी है और ग्राहकों की खरीदारी में तेजी आ रही है।
सोने-चांदी के भाव में उतार-चढ़ाव
उदयपुर सराफा एसोसिएशन के अनुसार, शुद्ध चांदी का भाव बुधवार को 1,43,550 रुपये प्रति किलो रहा, जो मंगलवार को 1,48,900 रुपये था। यानी सिर्फ एक दिन में चांदी के दाम में करीब ₹5,000 की गिरावट आई। वहीं 18 कैरेट चांदी का भाव 1,42,500 रुपये रहा। सोने के भाव की बात करें तो 24 कैरेट सोना 1,20,400 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना जीएसटी समेत 1,10,770 रुपये पर ट्रेड हुआ। जेवराती सोना 1,11,585 रुपये पर बिक रहा था। इस गिरावट ने सर्राफा व्यापारियों के चेहरे पर खुशी ला दी है।
मार्केट में फिर लौट रही रौनक
व्यापारी इस गिरावट को ग्राहकों के लिए राहत भरी खबर मान रहे हैं। वेदिंग सीजन को देखते हुए कई लोग ज्वेलरी बुकिंग और खरीदारी के लिए पहले ही ज्वेलरी शॉप्स पहुंच रहे हैं। सर्राफा व्यापारी विनोद जैन के अनुसार, ‘पिछले कुछ महीनों में सोने-चांदी के बढ़ते दाम ग्राहकों की खरीद क्षमता को प्रभावित कर रहे थे। अब गिरावट के बाद बाजार में फिर से रौनक लौट आई है।’
आगे की संभावना
विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना-चांदी के भाव में उतार-चढ़ाव जारी है। फिलहाल उदयपुर सर्राफा बाजार में यह गिरावट ग्राहकों और व्यापारियों दोनों के लिए उत्साहजनक रही है। अगर भाव स्थिर रहते है तो आने वाले हफ्तों में खरीदारों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। यह समय शादी-ब्याह की तैयारी करने वालों के लिए काफी लाभदायक साबित हो सकता है।