बिहार में पीएम मोदी को लेकर बयानबाजी पर तेजस्वी यादव और आरजेडी विधायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज

Vin News Network
Vin News Network
2 Min Read
तेजस्वी यादव और आरजेडी विधायक पर पीएम मोदी को लेकर बयानबाजी के मामले में एफआईआर दर्ज।
Highlights
  • भाजपा ने जताया कड़ा विरोध कहा यह 'लोकतंत्र' का अपमान
  • आरजेडी का पलटवार कहा जनसमर्थन से बौखलाई भाजपा
  • बिहार में चुनावी माहौल गरम सियासी बयानबाजी तेज

बिहार की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव की ‘बिहार अधिकार यात्रा’ के दौरान हुई एक जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत माता के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणियों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस मामले में भाजपा की ओर से कड़ा विरोध दर्ज किया गया है।

क्या है मामला?
वैशाली में आयोजित इस सभा के दौरान भाजपा नेताओं का आरोप है कि कुछ आरजेडी समर्थकों ने प्रधानमंत्री और उनके परिवार को लेकर अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया। इसको लेकर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य कृष्ण सिंह कल्लू ने पटना के गांधी मैदान थाने में तेजस्वी यादव और महुआ से आरजेडी विधायक मुकेश कुमार रोशन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

भाजपा का तीखा हमला
कृष्ण सिंह कल्लू ने इस कृत्य को “महापाप” बताते हुए कहा कि यह न केवल प्रधानमंत्री का अपमान है, बल्कि भारतीय लोकतंत्र और बिहार की संस्कृति के खिलाफ भी है। उन्होंने दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

आरजेडी का पलटवार
इस मुद्दे पर आरजेडी भी पीछे हटने को तैयार नहीं है। पार्टी के प्रवक्ता चितरंजन गगन ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि तेजस्वी यादव की यात्रा को मिल रहे जनसमर्थन से भाजपा बौखला गई है उन्होंने आरोप लगाया कि ध्यान भटकाने के लिए भाजपा जानबूझकर ऐसे मुद्दे खड़ा कर रही है ताकि असली सवालों से जनता का ध्यान हटाया जा सके। जैसे-जैसे बिहार चुनाव की सुगबुगाहट बढ़ रही है राज्य का सियासी तापमान भी चढ़ता जा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया है कि आने वाले दिनों में राजनीतिक बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप और तेज़ हो सकते हैं।


Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *