डिप्टी मैनेजर महक हत्याकांड: शक के चलते पति ने रची साजिश, गर्भवती पत्नी की बेरहमी से हत्या

Priyanshu Kumari
Priyanshu Kumari
3 Min Read
गर्भवती बैंक अधिकारी की हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार।

हरियाणा के झज्जर जिले के बादली क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां गुरुग्राम स्थित HDFC बैंक शाखा में कार्यरत डिप्टी मैनेजर 26 वर्षीय महक कथूरिया की उसके पति ने ही हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार आरोपी अंशुल धवन पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट है और हिसार का निवासी है। घटना रविवार रात की है जब पति-पत्नी हिसार से गुरुग्राम जा रहे थे। रास्ते में दोनों के बीच विवाद हुआ जो इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पहले कार के अंदर पत्नी के साथ मारपीट की और फिर बाहर निकालकर कैंची से उसके गले पर वार कर दिया।

हत्या के बाद उसने शव को पास के रजबहे में फेंक दिया और मामले को लूटपाट दिखाने के लिए नकली कहानी गढ़ दी। उसने महक के गहने उतारकर अलग फेंक दिए और राहगीरों से मदद मांगते हुए दावा किया कि अज्ञात लोगों ने हमला किया है, लेकिन पुलिस को उस पर शक हुआ और पूछताछ में उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और इसी शक के कारण उसने यह जघन्य अपराध किया।

परिवार के मुताबिक महक की शादी 25 सितंबर 2025 को अंशुल से हुई थी और वह दो महीने की गर्भवती थी। घर में आने वाले बच्चे की तैयारियां चल रही थीं और कुछ दिन पहले ही उसने खुशखबरी परिवार को दी थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही अंशुल मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था और हत्या अचानक नहीं बल्कि लंबे समय से चल रहे तनाव का परिणाम है।

भाई अक्षय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बहन घर से हंसते हुए निकली थी और जल्द लौटने का वादा किया था, जबकि मां ने जाते समय उसका ध्यान रखने को कहा था। देर रात सूचना मिलने पर परिवार मौके पर पहुंचा तो पूरी घटना सामने आई। बादली थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और सबूत जुटाने के लिए एफएसएल टीम की सहायता ली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जबकि परिवार न्याय की मांग कर रहा है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *