बसपा अध्यक्ष मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी का मुख्य राष्ट्रीय समन्वयक नियुक्त किया

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी का मुख्य राष्ट्रीय समन्वयक नियुक्त किया।

Vin News Network
Vin News Network
9 Min Read
बसपा अध्यक्ष मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी का मुख्य राष्ट्रीय समन्वयक नियुक्त किया

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी का मुख्य राष्ट्रीय समन्वयक नियुक्त किया। 18 मई 2025 दिन रविवार बहुजन समाज पार्टी (बी.एस.पी.) की राष्ट्रीय अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने रविवार को दिल्ली में हुई पार्टी की ऑल इण्डिया की एक अहम बैठक में देश भर में बी.एस.पी. संगठन की मजबूती व पार्टी के जनाधार को सर्वसमाज में बढ़ाने के लिए दिए गए कार्यों के प्रगति की गहन समीक्षा करने के साथ ही दिनांक 22 अप्रैल 2025 के घटित हुए पहलगाम आतंकी हत्याकाण्ड के संदर्भ में पाकिस्तान के विरुद्ध ऑपरेशन सिंदूर की गौरवमय सैनिक कार्रवाई के लिए भारतीय सेना की सराहना करते हुए कहा कि जन व देशहित को प्रभावित होने से बचाने के लिए सरकार द्वारा अपराध नियंत्रण की तरह आतंकी-निरोधक उपाय भी जरूरी हैं ताकि सिंदूर / सुहागों को उजड़ने से बचाने का दायित्व निभाया जा सके और इस क्रम में पाकिस्तान द्वारा परमाणु धमकी / ब्लैकमेलिंग को नहीं सहने की भारत सरकार की चेतावनी उचित कदम। साथ ही, कश्मीर मुद्दे पर अमेरिका व अन्य किसी भी तीसरे पक्ष की दखल को स्वीकार नहीं करने की राष्ट्रीय सहमति पर सख्ती से अमल करते रहना जरूरी है क्योंकि इस ख़ास मुद्दे पर भी देश को अपने आपके अलावा किसी और पर भरोसा नहीं किया जाये तो यह बेहतर होगा। अर्थात् सीमा पार से थोपे जा रहे बार-बार की अति घातक आतंकी घटनाओं की रोकथाम को लेकर केन्द्र सरकार को हर संभव ठोस व प्रभावी उपाय जरूर करते रहना चाहिए ताकि देश के बहुजनों को यहाँ की जबरदस्त महंगाई, अपार गरीबी, बेरोजगारी व पिछड़ेपन आदि के त्रस्त जीवन से मुक्ति दिलाकर ‘विकसित भारत’ की जन आकांक्षाओं की लक्ष्य प्राप्ति की ओर सरकार अपना ध्यान व संसाधन पूरी तरह से केन्द्रित कर सके।

बी.एस.पी. केन्द्रीय कार्यालय 29 लोधी एस्टेट में ऑल इण्डिया की हुई बड़ी बैठक को सम्बोधित करते हुए मायावती ने आतंकी घटनाओं को विकास में बाधक बताते हुए कहा कि पहलगाम काण्ड की चुनौतियों से निपटने के मामले में सेना व पूरे देश ने जो परिपक्वता दिखाई है कि उसका नतीजा है, कि पाकिस्तान को उसकी भाषा में सेना ने सबक सिखाया है और आगे ऐसा नहीं करने के लिए कड़ी चेतावनी भी दे रहा है। ऐसे में यह केन्द्र सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि वह अपने सुरक्षा उपायों से देश में घातक आतंकी घटनायें अब किसी भी कीमत पर आगे नहीं होने दे। इसके साथ ही, उन आपराधिक जातिवादी व साम्प्रदायिक तत्वों पर भी जरूर लगाम लगाए जो अपनी संकीर्ण, घृणित और विषैली भाषा व हरकतों से देश में शान्ति व आपसी भाईचारा के माहौल को जानबूझ कर प्रदूषित करने में लगे रहते हैं। इसी क्रम में पहले विदेश सचिव और फिर उसके बाद सेना की वरिष्ठ महिला अफसर को लेकर मध्य प्रदेश के एक वरिष्ठ मंत्री द्वारा की गयी संकीर्ण सोच वाली अशोभनीय टिप्पणी ऐसी प्रवृतियाँ हैं जिसको पार्टी स्तर पर भी सख्ती के साथ निपटना चाहिए । इस क्रम में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट द्वारा स्वतः संज्ञान लेकर राज्य के उक्त वरिष्ठ मंत्री के खिलाफ पुलिस एफआईआर दर्ज कराकर कानून का राज स्थापित करने के प्रयास का स्वागत, परन्तु भाजपा की ओर से इस सम्बंध में मंत्री के खिलाफ जरूरी एक्शन का अभी भी पूरे देश को इंतजार था और रहेगा। किन्तु इसी को लेकर सपा के वरिष्ठ नेता द्वारा भी सेना को जाति में आँकने व बाँटने का प्रयास अति दुखद, दुर्भाग्यपूर्ण व निन्दनीय । भारतीय सेना व उसके पराक्रम को लेकर राष्ट्रीय उल्लास जरूर हो, लेकिन उसकी आड़ में किसी भी दल को राजनीति नहीं करनी चाहिए ।

इसके साथ ही, तथागत गौतम बुद्ध व बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा के अनादर आदि की घटनाओं से भी सामाज में द्वेष व वैमनस्य फैलाने के प्रयास को भी सरकारें गंभीरता से लेकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही करें। इतना ही नहीं, बल्कि बी.एस.पी. प्रमुख ने यह भी कहा कि देश में पार्टी के कार्यक्रमों में व्यवस्था व अनुशासन आदि के लिए भी अपनी पार्टी के वर्दीधारी बहुजन वालन्टियर फोर्स (बी.वी.एफ.) को पहले की तरह ही संगठित करके उसका इस्तेमाल करना चाहिए । इससे पहले बहन मायावती ने ग्रासरूट लेवल पर पार्टी की तैयारी को लेकर सभी स्तर की कमेटियों के गठन के सम्बंध में दिनांक 2 मार्च 2025 को आल इण्डिया की बैठक में दिए गए दिशा-निर्देशों पर अमल की प्रगति रिपोर्ट ली और उल्लेखित कमियों को दूर करके आगे अपनी तैयारी लगातार जारी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि खासकर महापुरुषों के अनादर/ अपमान तथा दलित उत्पीड़न आदि के मामलों में पार्टी के प्रतिनिधिमण्डल के रूप में पीड़ित परिवारों से मिलकर उन्हें सांत्वना दिलाने एवं सरकार से दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करके पीड़ितों को न्याय दिलाने का प्रयास कानूनी व शान्तिपूर्ण तरीके से जारी रखें।

इसके अलावा, बिहार विधानसभा के लिए इस वर्ष के अन्त में होने वाले आमचुनाव पर अलग से हुई बैठक में चर्चा के दौरान वहाँ भी अकेले अपने बलबूते पर अपनी पूरी तैयारी के साथ यह चुनाव लड़ने का फैसला लिया गया । साथ ही, उत्तर प्रदेश व उत्तराखण्ड में सत्ताधारी लोगों तथा सरकारी मशीनरी के जनविरोधी रवैये व मनमानी तथा विकास से ज्यादा विध्वंस आदि के कारण कानून का राज का अभाव होने के साथ-साथ बिजली, पानी, सड़क, सफाई व न्याय पाने की व्यवस्था की बदहाल स्थिति पर चिन्ता व्यक्त करते हुए सुश्री मायावती जी ने कहा कि बी.एस.पी. ही लोगों की उम्मीदों की एकमात्र किरण है और इसके लिए पार्टी को हर स्तर पर मजबूत बनाने में पूरे तन, मन, धन की मिशनरी भावना से लगे रहना जरूरी है। अन्त में इस बैठक में, मायावती ने पूरे देश भर से आये हुये पार्टी के लोगों की सहमति से आकाश आनन्द को पार्टी का मुख्य नेशनल कोऑर्डिनेटर बनाया तथा उसे देश में पार्टी के आगे के कार्यक्रम भी दिये गये। उम्मीद है कि इस बार यह पार्टी व मूवमेन्ट के हित में, हर प्रकार की सावधानी बरतते हुये, पार्टी को मजबूत बनाने में अपना सराहनीय योगदान देगा।

बसपा से निकाले गए थे आकाश

इससे पहले मायावती ने भतीजे आकाश आनंद और उनके ससुर अशोक सिद्धार्थ को कथित अनुशासनहीनता के कारण पार्टी से निष्कासित कर दिया था। हालांकि, महीनेभर बाद एक और नाटकीय मोड़ आया और बसपा प्रमुख ने आकाश को एक और मौका देने का फैसला किया और संगठन में उनकी वापसी की घोषणा की। 13 अप्रैल को आकाश ने पहले एक्स पर सार्वजनिक पोस्ट किया और माफी मांगी। गलतियों को स्वीकार किया और मायावती के नेतृत्व के साथ खुद को पूरी तरह से जोड़ने का संकल्प लिया। उन्होंने किसी भी रिश्तेदार या सलाहकार से राजनीतिक सलाह ना लेने की कसम खाई। आकाश ने कहा कि वो मायावती को अपना एकमात्र राजनीतिक गुरु और रोल मॉडल मानते हैं।

आकाश ने मायावती से अपील की थी कि वे उनकी सारी गलतियों को माफ कर दें और उन्हें फिर से बसपा में काम करने का मौका दें। उन्होंने वादा किया था कि भविष्य में ऐसी कोई गलती नहीं होगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *