उत्तराखंड में अब गुलाबी ठंड का दौर शुरू हो गया है। सुबह और शाम को हल्की ठंडक महसूस की जा रही है जबकि दिन के समय हल्की गर्मी बनी रहती है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अब मौसम शुष्क रहेगा और चटख धूप के कारण पहाड़ों में ठंड का अहसास कम होगा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अक्टूबर के आखिरी सप्ताह तक उत्तराखंड में मौसम सामान्य से गर्म और शुष्क रहेगा। मैदानी इलाकों में दिन के समय हल्की गर्मी कुछ लोगों को परेशान कर सकती है। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक-दो डिग्री ऊपर रहने का अनुमान है।
विशेष रूप से देहरादून में शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से लगभग दो डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से लगभग एक डिग्री अधिक है।
अन्य इलाकों में भी इसी प्रकार का मौसम देखा गया। दिन भर खिली धूप और शुष्क मौसम के चलते अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास ही रहे। इस मौसम के चलते उत्तराखंड में बाहरी गतिविधियों और पर्यटन के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई है।