अयोध्या : अनुप्रिया पटेल की पार्टी अपना दल एस को एक और बड़ा झटका लगा है। पार्टी आईटी सेल के जिला उपाध्यक्ष राजेश पाल समेत पांच पदाधिकारियो ने अपना दल छोड़कर बसपा ज्वाइन कर लिया है। अयोध्या में बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने अपना दल एस से आए इन नेताओं को बसपा का झंडा देकर पार्टी में जॉइन कराया।
बसपा में शामिल होने के बाद अपना दल के नेता राजेश पाल ने अपनी पार्टी पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कौशांबी की घटना को लेकर पार्टी उन पर दबाव बना रही थी। मुद्दे को दबाने का प्रयास कर रही थी। इसी दबाव के कारण उन्होंने पार्टी छोड़ी है।
बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने इस मौके पर कहा, जब से प्रदेश में बीजेपी की सरकार आई है तब से बेरोजगारी और महंगाई बढ़ी है। प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हुई है। 2027 के चुनाव में बीएसपी बहुमत में आकर बहन मायावती को सीएम बनाएगी। इसके लिए पूरी पार्टी दिन रात मेहनत कर रही है। प्रदेश के सभी जिलों में भाजपा, कांग्रेस और सपा छोड़कर लोग बसपा में शामिल हो रहे हैं।