लखनऊ : लखनऊ में महिला सिपाही ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह उसका शव फंदे से लटका मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। महिला सिपाही ऋतु गाजीपुर थाना क्षेत्र के ए ब्लॉक में रहती थी। उसी मकान में एसआई गीता भी रहती है। गीता की सूचना पर ही पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा तोड़कर शव को निकाला गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अमरोहा के सैद नगली थाना क्षेत्र के भीकमपुर गांव की रहने वाली ऋतु (27) 2019 बैच की सिपाही थी। वह कई सालों से ए ब्लॉक में किराए पर रहती थी। ऋतु सेकेंड फ्लोर और एसआई गीता ग्राउंड फ्लोर पर रहती थी।
मंगलवार सुबह गीता ऋतु को बुलाने के लिए उसके कमरे में पहुंची। दरवाजा बाहर से बंद था। कई बार बुलाने पर भी उसने दरवाजा नहीं खोला, तो गीता को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने सुबह करीब 9 बजे पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस दरवाजा तोड़कर कमरे में घुसी, तो ऋतु का शव फंदे से लटकता दिखा। महिला सिपाही के परिजनों को सूचना दी गई। इस समय ऋतु मड़ियांव में पैरोकार के पद पर तैनात थी। इससे पहले वह गाजीपुर थाने में तैनात थी। पुलिस की अब तक की जांच में आया है कि ऋतु ने अंतिम कॉल घरवालों को की थी। एएसपी गाजीपुर अनिध्य विक्रम सिंह ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना को लेकर परिजनों से भी बातचीत की जाएगी।