राष्ट्रपति भवन का प्रसिद्ध अमृत उद्यान इस साल 3 फरवरी से 31 मार्च, 2026 तक जनता के लिए खुला रहेगा। उद्यान में आगंतुक सप्ताह के छह दिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक घूम सकते हैं, जबकि अंतिम प्रवेश शाम 5:15 बजे तक ही होगा। ध्यान रहे कि उद्यान हर सोमवार रखरखाव के लिए बंद रहेगा, और 4 मार्च को होली के अवसर पर भी बंद रहेगा।
उद्यान का प्रवेश निःशुल्क है और आगंतुकों को पंजीकरण करने की सुविधा ऑनलाइन उपलब्ध है। इच्छुक लोग https://visit.rashtrapatibhavan.gov.in/
पर जाकर अपनी बुकिंग कर सकते हैं। इसके अलावा, प्रवेश द्वार के बाहर स्थित स्वयं सेवा कियोस्क से सीधे टिकट लेने की सुविधा भी उपलब्ध है।
सभी आगंतुकों का प्रवेश और निकास गेट नंबर 35 (नॉर्थ एवेन्यू मार्ग के पास) से ही होगा। आगंतुकों की सुविधा के लिए केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से गेट नंबर 35 तक शटल बस सेवा भी उपलब्ध है। यह शटल सेवा सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक हर 30 मिनट में चलेगी और इसे ‘अमृत उद्यान के लिए शटल सेवा’ बैनर के माध्यम से पहचाना जा सकता है।
इस पहल का उद्देश्य आम जनता को राष्ट्रपति भवन के खूबसूरत उद्यान तक आसानी से पहुंचाना और उन्हें प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने का मौका देना है।