अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में कहा है कि अमेरिका अब अपने परमाणु हथियारों के परीक्षण को फिर से शुरू करेगा। ट्रंप ने रूस, चीन और उत्तर कोरिया पर निशाना साधते हुए बताया कि ये देश लगातार अपने परमाणु कार्यक्रम पर काम कर रहे हैं, जबकि अमेरिका ‘अकेला संयम नहीं दिखा सकता’। उन्होंने कहा, हमारे पास इतनी परमाणु ताकत है कि हम दुनिया को 150 बार तबाह कर सकते हैं।
CBS न्यूज के शो ‘60 Minutes’ के इंटरव्यू में ट्रंप ने स्पष्ट किया कि अमेरिका अब सिर्फ प्रतीकात्मक संयम नहीं दिखा सकता, क्योंकि अन्य देश इसे कमजोरी समझ सकते हैं। ट्रंप ने कहा कि रूस और चीन के हथियार कार्यक्रम लगातार सक्रिय हैं और उत्तर कोरिया तो हर महीने परमाणु परीक्षण करता है। ऐसे में अमेरिका को भी पीछे नहीं रहना चाहिए।
इसके अलावा ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि उन्होंने रक्षा विभाग को परमाणु परीक्षण तुरंत शुरू करने का निर्देश दिया है। यह कदम उनके चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से होने वाली बैठक से ठीक पहले लिया गया। ट्रंप ने यह भी जोड़ा कि अमेरिका की नीति ‘खुली और पारदर्शी’ है इसलिए वह जनता को सच्चाई बताते हैं, जबकि अन्य देश छिपकर अपने हथियार कार्यक्रम चलाते हैं।
इस बयान के बाद वैश्विक सुरक्षा और परमाणु संतुलन को लेकर नई बहस छिड़ गई है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह कदम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव बढ़ा सकता है और देशों के बीच रणनीतिक संतुलन को चुनौती दे सकता है।