एसआरजीआई में 5,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने एक साथ गाई ब्रीदलेस हनुमान चालीसा, नववर्ष 2026 का हुआ दिव्य स्वागत

Vin News Network
Vin News Network
2 Min Read
एसआरजीआई लखनऊ में नववर्ष 2026 के अवसर पर 5,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने सामूहिक भजन-कीर्तन और ब्रीदलेस हनुमान चालीसा में भाग लिया।

लखनऊ के बीकेटी स्थित एसआर ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन (SRGI) में नववर्ष 2026 का स्वागत एक ऐतिहासिक और आध्यात्मिक वातावरण में किया गया। इस अवसर पर 5,000 से अधिक श्रद्धालु, विद्यार्थी और परिवारजन एकत्र हुए और सामूहिक भजन-कीर्तन व नाम-स्मरण के माध्यम से पूरे परिसर को भक्ति से सराबोर कर दिया। “जय श्रीराम” के गगनभेदी जयकारों और श्रीकृष्ण की मुरली की मधुर धुनों से पूरा वातावरण दिव्यता से भर उठा।

एसआरजीआई में आयोजित “भजन जैमिंग : एकत्व” केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं था, बल्कि यह भक्ति, संगीत और सामाजिक एकता का जीवंत संगम बनकर सामने आया। इस आयोजन का उद्देश्य लोगों को अध्यात्म के माध्यम से जोड़ना और सनातन मूल्यों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम का आयोजन एसआरजीआई द्वारा जलोटा अकादमी ऑफ स्पिरिचुअल म्यूजिक एंड परफॉर्मिंग आर्ट्स तथा डिजी मॉन्क के सहयोग से किया गया।

कार्यक्रम के दौरान “राम-राम जय राजा राम”, “मंगल भवन मंगल हारी”, “श्री कृष्ण गोविंद हरे मुरारी”, “सत्यम शिवम सुंदरम” और “देवा श्री गणेश देवा” जैसे भजनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। समापन अवसर पर सामूहिक रूप से गाई गई ब्रीदलेस हनुमान चालीसा ने पूरे वातावरण को भक्तिरस के शिखर पर पहुँचा दिया।

इस अवसर पर एसआर ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन के चेयरमैन एवं विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान, वाइस चेयरमैन पीयूष सिंह चौहान और वाइस चेयरपर्सन सुष्मिता सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीयूष सिंह चौहान ने नववर्ष की शुभकामनाएँ दीं और युवाओं को भारतीय संस्कृति व सनातन मूल्यों से जुड़ने का संदेश दिया।

“भजन जैमिंग : एकत्व” नववर्ष 2026 की शुरुआत के साथ एक सकारात्मक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बनकर उभरा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *