सशक्त हुईं ग्रामीण महिलाएँ: कृषि सखी सिखाएंगी औषधीय खेती आत्मनिर्भरता की ओर कदम

Vin News Network
Vin News Network
2 Min Read
ग्रामीण महिलाएँ अब औषधीय खेती से बना रही हैं अपना भविष्य

सीतापुर। बिसवां ब्लॉक में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की एक नई पहल शुरू हुई है। ग्राम भिनैनी की कृषि सखी सीता देवी ने अपने खेत में औषधीय पौधों की खेती कर आर्थिक लाभ अर्जित किया है। अब वह अपने अनुभव और तकनीक को अन्य महिलाओं तक पहुँचाने के लिए आगे आई हैं।

सीता देवी ने बताया कि क्षेत्र में औषधीय खेती की संभावनाओं को देखते हुए कम से कम 10 महिलाओं का चयन कर उन्हें प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण प्रक्रिया में कृषि विभाग का सहयोग लिया जाएगा ताकि महिलाएं खेती के आधुनिक और वैज्ञानिक तरीकों को समझ सकें। इसके लिए एक टीम भी बनाई जाएगी जो चयन और प्रशिक्षण की पूरी प्रक्रिया संभालेगी।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का पहला चरण 10 महिलाओं के साथ शुरू होगा और सफल होने पर संख्या बढ़ाई जाएगी। तकनीकी मार्गदर्शन के लिए कृषि विज्ञान केंद्र का सहयोग लिया जाएगा। महिलाओं को कैमोमाइल, अपराजिता, ब्लू कॉर्न, सतावर जैसी औषधीय फसलों की वैज्ञानिक खेती सिखाई जाएगी।

साथ ही, प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को केवीके कटिया द्वारा गोद लिए गए ग्राम कमुआ का भ्रमण भी कराया जाएगा, ताकि वे औषधीय खेती में अपनाई जा रही नवीनतम तकनीकों को प्रत्यक्ष रूप से समझ सकें। बता दें, यह पहल ग्रामीण महिलाओं के लिए नए अवसर खोलने के साथ-साथ उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *