Bihar Election 2025: जनसुराज को मुंगेर में तगड़ा झटका, जिलाध्यक्ष समेत कई नेता BJP में शामिल

डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी की जनसभा में हुआ बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम

Vin News Network
Vin News Network
3 Min Read
प्रशांत किशोर को लगा तगड़ा झटका
Highlights
  • प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी को मुंगेर में बड़ा झटका।
  • डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी की नामांकन सभा में हुई बड़ी टूट।
  • भाजपा में शामिल हुए नेताओं ने कहा विकास कार्यों से प्रभावित होकर लिया फैसला।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले सियासी हलचलें तेज हो गई हैं। मुंगेर जिले से एक बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है जहां प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज को करारा झटका लगा है। बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के नामांकन के बाद आयोजित एक जनसभा में जनसुराज पार्टी के कई प्रमुख नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया।

तारापुर विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को हुई इस जनसभा के दौरान जनसुराज के जिलाध्यक्ष योगेंद्र मंडल उर्फ जोगी मंडल, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष कविता देवी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य समीर मधुकर समेत दर्जनों नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की। सभी का स्वागत सम्राट चौधरी ने माला पहनाकर किया।

कार्यकर्ताओं की नाराजगी बनी टूट की वजह
सूत्रों के अनुसार, जनसुराज के कार्यकर्ता पार्टी के अंदरूनी कामकाज और नेतृत्व शैली से नाराज चल रहे थे। यही कारण रहा कि जब सम्राट चौधरी ने तारापुर से अपना नामांकन दाखिल किया तो उसी जनसभा में बड़ी संख्या में जनसुराज नेता बीजेपी में शामिल हो गए। गौरतलब है कि योगेंद्र मंडल की पत्नी नीलम देवी तारापुर नगर पंचायत की मुख्य पार्षद हैं और वे भी समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुईं। इस मौके पर विनोद मंडल, प्रकाश मांझी और प्रमोद मंडल सहित अन्य नेताओं ने भी भाजपा की सदस्यता ली।

सम्राट चौधरी को दिलाने का लिया संकल्प
भाजपा में शामिल होने के बाद योगेंद्र मंडल ने कहा कि तारापुर की असली पहचान शकुनी चौधरी के नेतृत्व में बनी थी और अब उनके बेटे, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उसी विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों को देखकर उन्होंने भाजपा में आने का निर्णय लिया है। जनसभा में मौजूद लोगों ने हाथ उठाकर सम्राट चौधरी को भारी बहुमत से जिताने का संकल्प भी लिया।

जनसुराज ने मैदान में उतारे हैं तीन प्रत्याशी
बता दें कि प्रशांत किशोर ने करीब डेढ़ वर्ष पूर्व योगेंद्र मंडल को जनसुराज पार्टी का मुंगेर जिलाध्यक्ष नियुक्त किया था। यह कुशवाहा समाज से आते हैं। तीन दिन पहले ही पार्टी ने मुंगेर, जमालपुर और तारापुर विधानसभा सीटों से क्रमशः संजय कुमार सिंह, पूर्व IAS ललनजी और डॉ. संतोष कुमार को उम्मीदवार घोषित किया है लेकिन इन प्रत्याशियों में से अभी तक किसी ने नामांकन दाखिल नहीं किया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *