स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत नगर निगम लखनऊ ने चलाया विशेष अभियान, सभी जोनों के विद्यालयों में हुआ आयोजन

Vin News Network
Vin News Network
3 Min Read
हमारा शहर, हमारी ज़िम्मेदारी!
Highlights
  • कचरा पृथक्करण, एंटी-लार्वा छिड़काव और नालियों की सफाई पर विशेष ध्यान।
  • सफाई से जुड़ी शिकायतें और सुझाव अब एक कॉल पर।
  • लखनऊ के सभी 8 जोनों में एक साथ चला स्वच्छता अभियान

लखनऊ। नगर निगम लखनऊ ने स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को शहर के सभी जोनों में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया। इस विशेष आयोजन का मुख्य उद्देश्य छात्रों एवं नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता, ठोस एवं तरल कूड़ा प्रबंधन की समझ और सामुदायिक सहयोग को बढ़ावा देना रहा। नगर आयुक्त के मार्गदर्शन में अभियान को सभी आठ जोनों में एक साथ संचालित किया गया। इस दौरान संबंधित जोनल अधिकारियों, पार्षदों, नगर निगम कर्मचारियों और स्वयंसेवी संस्थाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। अभियान की खास बात यह रही कि इसमें बड़ी संख्या में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

शहर के विभिन्न विद्यालयों में स्वच्छता प्रतियोगिता, खेलकूद, वाद-विवाद प्रतियोगिता और रैलियों का आयोजन किया गया। बच्चों को साफ-सफाई और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। अपर नगर आयुक्त ने बच्चों की रचनात्मक प्रस्तुतियों और प्रतियोगिताओं में भागीदारी को सराहा तथा विजेताओं को पुरस्कृत किया। बच्चों ने सामूहिक शपथ लेकर यह संकल्प भी लिया कि वे घर, मोहल्ले और विद्यालय को हमेशा साफ-सुथरा रखेंगे।

विद्यालयों के साथ-साथ अभियान के तहत शहर के प्रमुख बाजारों, मंदिरों, पार्कों, आवासीय क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। कूड़ा संग्रहण, नालियों की सफाई, एंटी-लार्वा छिड़काव और कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया साथ ही नागरिकों को कचरा पृथक्करण, प्लास्टिक के उपयोग पर रोक और कूड़ा डस्टबिन में डालने जैसे विषयों पर जागरूक किया गया।

नगर निगम लखनऊ ने इस अवसर पर अपील की कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं बल्कि यह जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। यदि नागरिक कूड़ा पृथक्करण, खुले में कूड़ा न फेंकने और प्लास्टिक का कम उपयोग करने जैसे छोटे-छोटे संकल्प लें तो लखनऊ को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाया जा सकता है। नगर निगम ने नागरिकों को किसी भी प्रकार की सफाई संबंधी शिकायत या सुझाव दर्ज कराने के लिए टोल-फ्री नंबर 1533 पर संपर्क करने की सुविधा की जानकारी भी दी। इस अवसर पर नगर निगम के सभी अपर नगर आयुक्त, जोनल अधिकारी, पार्षदगण, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *