रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह एक बार फिर से सुर्खियों में हैं। भावनी सिंह ने अपनी छोटी बहन साध्वी सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भानवी सिंह ने आरोप लगाया है कि उनके माता-पिता को उनकी बहन ने जबरन बंधक बनाकर रखा है। इस आरोप के बाद एक बार फिर राजा भईया के परिवार का विवाद सड़क पर आ गया है।
दरअसल, राजा भईया की पत्नी भानवी सिंह अपनी बड़ी बहन प्रत्यूषा सिंह के साथ हजरतगंज के सिल्वर ओक अपार्टमेंट में माता-पिता से मिलने गई थीं। यहां उनकी छोटी बहन के साथ तीखी नोकझोंक हो गई। वापस लौटने के बाद भानवी सिंह ने इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर एक विस्तृत पोस्ट डाला है।

एक्स पर बताया, क्या हुआ उनके साथ
भानवी सिंह ने अपने पोस्ट में लिखा, ‘मैं अपनी बड़ी बहन प्रत्यूषा के साथ मंगलवार को अपने बुजुर्ग माता-पिता से मिलने साध्वी सिंह के घर पर गए थे। हमने शांति से दरवाजा खटखटाया, घंटी बजाई, लेकिन दरवाजा खोलने के बजाय हमारी छोटी बहन ने फिर से पुलिस बुला ली। यह पहली बार नहीं है। पहले भी वो पुलिस और मीडिया को बुलाकर झूठा प्रचार करती रही हैं।’
भानवी ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, ”सच्चाई यह है कि हमारे बप्पा को कमरे में बंद कर दिया गया था, चूंकि वे सुन नहीं सकते, उन्हें पता भी नहीं चला कि हमारी बड़ी बहन और हम मिलने आए थे। मां ने कामवाली से कहा कि वो हमारी बड़ी बहन और हमसे मिलना चाहती हैं, लेकिन उन्हें भी रोका गया। दरवाजा नहीं खोला गया।”
मीडिया से राजा भैया की पत्नी ने की ये अपील
भानवी आगे लिखती हैं, ”हम अब दो वीडियो साझा कर रहे जिसमें कामवाली सच्चाई बता रही है, और एक ऑडियो क्लिप जिसमें हमारी बडी बहन बहुत विनम्रतापूर्वक दरवाज़े पर खड़े होकर बार-बार कह रही हैं कि हम लोग को अम्मा – बप्पा से मिलने दिया जाए। क्या अपने बुज़ुर्ग माता-पिता से मिलने जाना अब अपराध है? क्या पुलिस और मीडिया का इस तरह से दुरुपयोग उचित है? मीडिया से मेरी अपील है — कृपया तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश न करें। जिन्होंने हमें “हाई वोल्टेज ड्रामा” कहा — कृपया सबूत दें कि ड्रामा कहां और कैसे हुआ। अन्यथा, मुझे मानहानि का कानूनी रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। हम लोग सिर्फ अपने माता-पिता से मिलना चाहते हैं। सम्मानपूर्वक और शांति से। कृपया इसे राजनीति या नाटक न बनाएं।”